Lucknow News लखनऊ

अमेरिका के छः विश्वविद्यालयों में सी.एम.एस. छात्र का स्काॅलरशिप के साथ चयन

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर के छात्र प्रद्युम्न यादव ने उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका के छः प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ चयनित होकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। प्रद्युम्न को चार वर्षीय शिक्षा अवधि के लिए फ्लोरिडा इन्स्टीट्यूट आॅफ टेक्नोलाॅजी द्वारा 40,000 अमेरिकी डालर अर्थात 26 लाख रूपये की स्काॅलरशिप, यूनिवर्सिटी आॅफ काॅन्सस द्वारा 36,000 अमेरिकी डालर अर्थात 23 लाख रूपये की स्काॅलरशिप, यूनिवर्सिटी आॅफ सिनसिनाटी द्वारा 20,000 अमेरिकी डालर अर्थात 13 लाख रूपये की स्काॅलरशिप से नवाजा गया है। इसके अलावा, अमेरिका के तीन और विश्वविद्यालयों यूनिवर्सिटी आॅफ स्टर्लिंग, यूनिवर्सिटी आॅफ शेफील्ड एवं यूनिवर्सिटी आॅफ हुडर्सफील्ड प्रत्येक द्वारा 8,000 अमेरिकी डालर अर्थात 5 लाख रूपये की स्काॅलरशिप से नवाजा गया है। इस प्रकार सी.एम.एस. के एक और प्रतिभाशाली छात्र ने अपनी शैक्षिक उत्कृष्टता के दम पर विदेश में स्काॅलरशिप के साथ उच्चशिक्षा हेतु चयनित होकर विद्यालय का नाम रोशन किया है। सी.एम.एस. छात्र की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय के संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने बधाई दी है, साथ ही विद्यालय के विद्वान व कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकों का आभार व्यक्त किया है। विदित हो कि सी.एम.एस. छात्रों को अमेरिका, इंग्लैण्ड, कनाडा, आस्ट्रेलिया आदि विभिन्न देशों के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से स्काॅलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने के आमन्त्रण लगातार प्राप्त हो रहे हैं। अभी तक सी.एम.एस. के 55 छात्र विदेशों के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ चयनित हो चुके हैं। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. छात्रों के दृष्टिकोण व्यापक बनाने व उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए सदैव प्रयासरत है और इसी कड़ी में छात्रों को विदेशों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है। सी.एम.एस. प्रदेश में एकमात्र सैट सेन्टर है जो छात्रों की प्रतिभा एवं योग्यता को निखारकर विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद कर रहा है।

Related Articles

Back to top button