दिल्लीराष्ट्रीय

अरुण जेटली को डॉक्टरों ने दो हफ्ते आराम करने की दी सलाह, पीयूष गोयल पेश करेंगे बजट

नई दिल्ली : इलाज के लिए अमेरिका गए वित्त मंत्री अरुण जेटली को डॉक्टरों ने दो हफ्ते आराम करने की सलाह दी है। इसके बाद अगले वित्त वर्ष का अंतरिम बजट पेश किए जाने से महज नौ दिन पहले रेल मंत्री पीयूष गोयल को वित्त मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि वर्ष 2019-20 का अंतरिम बजट अब गोयल ही पेश करेंगे। अरुण जेटली इस समय इलाज के लिए में अमेरिका में हैं। इसके चलते वे बजट पेश नहीं कर पाएंगे। हालांकि, सरकार में वे बिना विभाग के मंत्री बने रहेंगे। केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली का मंगलवार को न्यूयॉर्क के एक अस्पताल में ऑपरेशन हुआ। सूत्रों के मुताबिक, चिकित्सकों ने उनको दो सप्ताह आराम करने की सलाह दी है। 66 वर्षीय जेटली 13 जनवरी को अमेरिका गए थे। इसी सप्ताह उनकी सॉफ्ट टिश्यू कैंसर के लिए जांच की गई थी। इससे पहले 2018 में उनका एम्स में किडनी प्रत्यारोपण हुआ था।

राष्ट्रपति भवन द्वारा बुधवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर गोयल को जेटली की अनुपस्थिति में वित्त और कॉरपोरेट मामलों के मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। उल्लेखनीय है कि जेटली की गैरहाजिरी में गोयल को दूसरी बार वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। पिछले साल मई में जब जेटली इलाज के लिए अमेरिका गए थे, उस समय भी सौ दिनों तक वित्त मंत्रालय का कामकाज गोयल ने देखा था। भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार अपना आखिरी बजट एक फरवरी को पेश करेगी। मई में आम चुनाव होने के चलते फिलहाल अंतरिम बजट ही पेश किया जाएगा। इसमें सरकार कुछ अहम घोषणाएं कर सकती हैं। जेटली ने कुछ दिन पहले कहा था कि पहले भी ऐसा हुआ है, जब तात्कालिक जरूरतों को देखते हुए सरकार ने अंतरिम बजट में अहम फैसलों का एलान किया है।

Related Articles

Back to top button