उत्तराखंडराज्य

अलर्ट: उत्तराखंड-राजस्थान सहित इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश

देश के कई राज्यों में इस बार मानसून ने खतरनाक तरीके से दस्तक दी है। वो अपने साथ भारी तबाही भी लेकर आया है। महाराष्ट्र, असम, पश्चिम बंगाल, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल आदि राज्यों में हालात बद से बदतर हो गए हैं। भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ ने असम और पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा तबाही मचाई है।

अलर्ट: उत्तराखंड-राजस्थान सहित इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिशइन दोनों ही राज्यों में करीब 40 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई जिले बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। पहाड़ों में भी झमाझम बारिश के चलते उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। एक तरफ जहां इन जगहों पर मानसून कहर बनकर टूटा है, तो वहीं कई ऐसी भी जगहें हैं जहां मानसून तो दूर गर्मी और उमस ने जीना मुहाल कर दिया है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों मुताबिक जम्मू-कश्मीर, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी राजस्थान, तमिलनाडु, हरियाणा और चंडीगढ़ में सामान्य से 20 फीसदी अधिक बारिश हुई है। इन जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। सबसे ज्यादा जम्मू-कश्मीर में बारिश हुई है। भारी बारिश की वजह से यहां भूस्खलन और जगह-जगह चट्टानें भी खिसक रही हैं, जिससे अमरनाथ यात्रा में रूकावट पैदा हो रही है।
सड़कों पर पानी की तेज धाराएं बह रही हैं

वहीं, उत्तराखंड, बिहार, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, पश्चिमी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ जिलों में सामान्य बारिश हुई है। लेकिन पूर्वी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ जिलों में सामान्य से भी कम बारिश हुई है, जिससे यहां के किसानों में हाहाकार मचा हुआ है। भिवांडी, पालघर और ठाणे में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। भारी बारिश की वजह से कई ट्रेनों को रोक दिया गया है। गुजरात के टापी में भी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। सड़कों पर पानी की तेज धाराएं बह रही हैं।

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव व चक्रवात की वजह से कुछ दिनों में उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ व राजस्थान सहित कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को भी कई जगहों पर वर्षा हुई, जबकि कुछ जगहों पर उमस और कड़ी धूप ने पीछा नहीं छोड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार तक दिल्ली में धूप के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तराखंड में अगले 24 घंटे में सात जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड में शनिवार को यमुनोत्री व गंगोत्री राजमार्ग लगभग एक घंटे तक बंद रहा। जबकि बारिश की आशंका के चलते कैलास मानसरोवर यात्रियों को पिथौरागढ़ से गुंजी पड़ाव नहीं भेजा जा सका। हिमाचल प्रदेश में शनिवार को अधिकतर क्षेत्रों में धूप खिली रही, जिससे तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। पश्चिम बंगाल में कोलकाता समेत कई जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। राज्य में अभी तक धूप और उमस के चलते हल्की बारिश भी हुई है। वहीं छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश हो रही है। राज्य में कई जगहों पर जलभराव हो गया है। आने वाले दिनों में भी वहां और बारिश होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button