टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराज्य

अहमदाबाद में एक ही दिन में 49 हजार लोगों तक पहुंचाया मु्फ्त भोजन, 2850 परिवारों को सब्जियां भी भेजी

अहमदाबाद : कोरोना वायरस के खतरे के बीच लॉकडाउन की स्थिति में अहमदाबाद महानगर पालिका (मनपा) की ओर से एक ही दिन में 49 हजार लोगों तक मु्फ्त भोजन पहुंचाया गया। इतना ही नहीं, रविवार को 2850 परिवारों तक सब्जी का भी निशुल्क वितरण किया गया। महानगर पालिका से जुड़े एक कर्मचारी ने बताया कि, मुश्किल वक्त में असहाय लोगों को विविध सेवाएं दी जा रहीं हैं। लॉकडाउन की शुरुआत से ही शहर के विविध भागों में महानगर पालिका की ओर से जरूरतमंदों को भोजन इत्यादि पहुंचाया जा रहा है। रविवार को 7 जोन में कुल 49 हजार 100 लोगों को फूड पैकेट का वितरण किया गया। जिनमें से सबसे अधिक उत्तर जोन में 9500 फूड पैकेट पहुंचाए गए। दक्षिण जोन में 8500, पूर्व जोन में 7 हजार, पश्चिम एवं मध्य जोन में 6300-6300, उत्तर पश्चिम में 7 हजार फूड पैकेट मुफ्त बांटे गए। इसके अलावा अहमदाबाद की दक्षिण पश्चिम जोन में 5500 लोगों को फूड पैकेट वितरित किए गए।

अब तक शहर के 1.65 लाख नागरिकों को फूड पैकेट पहुंचाए जा चुके हैं। इसमें सराहनीय बात यह रही कि, रविवार को यानी एक ही दिन के भीतर शहर के विविध क्षेत्रों में रह रहे 49100 लोगों का पेट भरा गया। इतना ही नहीं, जरूरतमंद लोगों को हरी सब्जियां भी पहुंचाई गईं। बीते रोज शहर के विविध भागों में 2850 लोगों को सब्जियों के पैकेट पहुंचाए गए। अहमदाबाद महानगर पालिका द्वारा शहर में अब तक 11 हजार से ज्यादा लोगों को सब्जियां पहुंचाई जाने का दावा किया गया है।

Related Articles

Back to top button