राजनीतिलखनऊ

आजम खान को बदनाम करने की रची जा रही साजिश: अखिलेश यादव

अखिलेश ने कहा कि राजनीति में धर्मनिरपेक्ष छवि, कुंभ जैसे महापर्व का कुशल संचालन तथा जौहर विश्वविद्यालय जैसी संस्था की स्थापना से चिढ़े हुए बीजेपी नेता आजम खान को बदनाम करने और राजनीतिक उत्पीड़न करने की साजिश रच रहे हैं। 

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के डेढ़ वर्ष जनता के लिए बहुत भारी साबित हुए है। लोकतंत्र में यह पहली सरकार है जिसके कार्यकाल में कानून का राज नहीं रह गया है। चारों तरफ भय का वातावरण है। सत्ता का इस्तेमाल भाजपा अपने स्वार्थो की पूर्ति के लिए कर रही है। अपने से असहमत विपक्ष के प्रति वह बदले की भावना से काम कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार का जोर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति विद्वेष पूर्ण प्रचार कर उनकी छवि बिगाड़ने पर है। राजनीति में धर्मनिरपेक्ष छवि, कुंभ जैसे महापर्व का कुशल संचालन तथा जौहर विश्वविद्यालय जैसी संस्था की स्थापना से चिढ़े हुए भाजपा नेता मो. आजम खां को बदनाम करने और राजनीतिक उत्पीड़न करने की साजिश कर रहे है। समाजवादी सरकार में आजम खां को कुंभ के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई थी। और उन्होने कुंभ के आयोजन को सफलता पूर्वक सम्पन्न किया। इसकी प्रशंसा विदेशों तक में हुई। कुंभ पर्व पर उन्होने जनता को तमाम सुविधाएं दी थी। धर्मनिरपेक्षता का इससे बड़ा और क्या प्रमाण हो सकता है? समाजवादी पार्टी की मांग है कि मो. आजम खां के जीवन को खतरा देखते हुए उन्हें पर्याप्त सुरक्षा दी जाए, बदले की भावना से की गई उनके विरूद्ध दाखिल एफआईआर रद्द की जाए, समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं के विरूद्ध राजनीति से प्रेरित सभी फर्जी मुकदमे वापस लिए जाए। समाजवादी नेतृृत्व को बदनाम करने की कोशिशो को समाजवादी पार्टी बर्दास्त नही करेगी। यादव ने कहा भाजपा सरकारों ने जनता के हित में एक भी कदम नही उठाया है। कर्ज से परेशान किसान, बेरोजगारी से तंग नौजवान आत्महत्या कर रहे हैं। पुलिस फर्जी एन्काउटंर कर युवकों को मार रही है। मीटू की आड़ में एक अभिनेत्री की ओर से धमकी भरी बात करना पूर्णतया आपत्ति जनक और अनर्गल है। आजम खां जैसे व्यक्ति के बारे में कोई गलत बात सोच भी नहीं सकता है उन्हे जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। मो0 आजम खां ने कभी नफरत की राजनीति नहीं की है। अखिलेश यादव ने कहा भाजपा की तमाम साजिशों का मुकाबला करने में समाजवादी पार्टी सक्षम है। जनता समाजवादी पार्टी के साथ है। भाजपा के कुत्सित इरादों का समाजवादी पार्टी पुरजोर विरोध करती है। भाजपा से जनता का विश्वास टूट चुका है। उसकी साजिशों का दिन प्रतिदिन पर्दाफाश हो रहा है। झूठे वादों पर कोई भरोसा नहीं कर रहा है। जनता आक्रोशित है। लोकतंत्र को कमजोर करने की भाजपा की कोशिशें कभी भी सफल नही हो सकती। जनता भाजपा के कारनामों का सख्त जवाब देेगी।

Related Articles

Back to top button