पर्यटन

इन चार खूबसूरत जगहों पर मनाएं अपने नए साल का जश्न, सिर्फ 5000 रुपये होंगे खर्च

साल 2019 बीतने को है और नए साल 2020 का जश्न शुरू होने में बहुत कम दिन शेष रह गए हैं। नए साल की छुट्टियों में लोग पर्यटन स्थलों का रुख करते हैं, लेकिन अक्सर देखा जाता है कि टूर प्लान करते समय बजट आड़े आता है। हम आपको बताने जा रहे हैं कुछ ऐसी जगहों के बारे में, जो दिल्ली से नजदीक भी है और महज पांच हजार के बजट में आपका टूर हो जाएगा।

पिंक सिटी जयपुर राजस्थान का एक खूबसूरत शहर है। यहां राजसी इमारतें, शानदार किले और महलों को देखने का अनुभव अलग ही होता है। पिंक सिटी में आप हवा महल, सिटी पैलेस, आमेर फोर्ट जैसे मशहूर पर्यटन स्थलों की यात्रा कर सकते हैं। यह दिल्ली से महज 300 किमी दूर है। बस और ट्रेन का किराया 250 से 300 रुपये है। यहां आपको 500 से 800 रुपये के बजट में होटल मिल जायेगा और सस्ते रेस्तरां में खाने का खर्च भी 100-200 ही आएगा। बाकी पैसे घूमने में खर्च कर सकते हैं।

कसौल हिमाचल प्रदेश का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जोकि कुल्लू से सिर्फ 40 किमी की दूरी पर स्थित है। पर्यटकों के अलावा एडवेंचर प्रेमियों के लिए एक बहुत अच्छी जगह है। यहां जाने के लिए दिल्ली से करीब 1000 रुपये में वाल्वो बस मिल जाएगी। वहां होटल में 500 से 1000 रुपये के बजट में कमरे मिल जाएंगे। यहां के रेस्तरां में भी आप कम बजट में भोजन कर सकते हैं।

लैंसडाउन उत्तराखंड में गढ़वाल पहाड़ियों के बीच स्थित है। समुद्र तल से 5670 फीट की ऊंचाई पर स्थित लैंसडाउन एक प्राचीन जगह है, जो शहर की भीड़-भाड़ से बिलकुल दूर है। यह दिल्ली से सिर्फ 250 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। लैंसडाउन को भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल रेजिमेंट के लिए घर के रूप में भी जाना-जाता है। दिल्ली से लैंसडाउन की यात्रा खर्च 1200 रुपये से भी कम आएगा। यहां अच्छे होटल 700 से 800 रुपये में होटल मिल जाएंगे।

हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला के पास स्थित मैकलोडगंज भी लोकप्रिय टूरिस्ट स्पॉट है। इस हिल स्टेशन की संस्कृति कुछ ब्रिटिश प्रभाव के साथ तिब्बती संस्कृति का सुंदर मिश्रण है। देश के प्रसिद्ध मठों में से नामग्याल और त्सुगलाखंग जैसे मठ यहीं हैं। यहां पर एक रात के लिए 300-500 रुपये में होटल का कमरा आसानी से मिल जाएगा, जबकि यहां खाना भी ज्यादा महंगा नहीं है। …तो देर किस बात की, प्लान बनाएं और तैयार हो जाएं।

Related Articles

Back to top button