स्पोर्ट्स

इस बार दिल्ली कैपिटल्स को जीत का ज्ञान देंगे सौरव गांगुली

नई दिल्ली : आईपीएल में इस बार नाम बदलकर मैदान पर उतरने वाली दिल्ली कैपिटल्स ने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें सीजन के लिए टीम का सलाहकार नियुक्त किया। गांगुली मुख्य कोच रिकी पोंटिंग के साथ काम करेंगे।

गांगुली ने कही ऐसी बात 

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलकाता नाइटराइडर्स के पहले कप्तान गांगुली ने कहा, “मैं दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ने के लिए उत्साहित हूं। मैं वास्तव में खिलाड़ियों और सहायक कर्मचारियों के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।” दिल्ली की टीम अब तक एक बार भी चैम्पियन नहीं बनी। गांगुली ने 1999 से 2005 तक 146 वनडे और 2000 से 2005 तक 49 टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी की।

सौरव बुद्धिमान खिलाड़ियों में से एक 

जानकारी के मुताबिक गांगुली ने 2008 से 2012 के बीच आईपीएल के 59 मैच में 25.45 की औसत से 1349 रन बनाए। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 91 रन रहा। उन्होंने 10 विकेट भी अपने नाम किए। गांगुली 2008 से 2010 तक कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान थे। उन्होंने बाद में पुणे वॉरियर्स इंडिया की भी कप्तानी की थी। गांगुली को टीम से जोड़ने पर दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन ने कहा, “सौरव विश्व क्रिकेट के सबसे अधिक बुद्धिमान खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। भारतीय क्रिकेट में आज जो कुछ भी हम देख रहे हैं, वह सौरव की ही देन है। उनकी आक्रामकता, सकारात्मकता और कभी नहीं हारने वाला रवैया टीम के लिए फायदेमंद रहेगा। हमारे लिए गर्व की बात है कि उन्होंने आईपीएल में दिल्ली की टीम को चुना।

Related Articles

Back to top button