लखनऊ

उच्चशिक्षा के लिए अमेरिका एवं इंग्लैण्ड के सात विश्वविद्यालयों में सी.एम.एस. छात्र का स्कॉलरशिप के साथ चयन

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर के मेधावी छात्र शुभ अग्रवाल अमेरिका एवं इंग्लैण्ड के सात विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा के लिए चयनित किया गया है, जिनमें अमेरिका की कैलीफोर्निया इन्स्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी द्वारा 2,16,000 अमेरिकी डालर अर्थात 1,00,38,000 रूपये (एक करोड़ अड़तीस लाख रूपये) की स्कॉलरशिप प्रदान की जायेगी। इसके अलावा, अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ सिनसिनाटी ने 96,000 अमेरिकी डालर अर्थात 61 लाख रूपये एवं यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर, इंग्लैण्ड ने 11,280 अमेरिकी डालर अर्थात लगभग 8 लाख रूपये की स्कॉलरशिप का प्रस्ताव दिया है। यह सभी स्कॉलरशिप चार वर्षीय शिक्षा अवधि के लिए है। इसके अलावा, शुभ अग्रवाल को यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज, इंग्लैण्ड, यूनिवर्सिटी कालेज लंदन, इंग्लैण्ड, यूनिवर्सिटी ऑफ सेंट एन्ड्रूज, स्कॉटलैण्ड एवं यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेस्टा, अमेरिका द्वारा भी उच्चशिक्षा का प्रस्ताव दिया गया है। इस प्रकार सी.एम.एस. के एक और प्रतिभाशाली छात्र ने अपनी शैक्षिक उत्कृष्टता के दम पर विदेश के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्कॉलरशिप के साथ चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. छात्रों को अमेरिका, इंग्लैण्ड, कनाडा, आस्ट्रेलिया आदि विभिन्न देशों के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से स्कॉलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने के आमन्त्रण लगातार प्राप्त हो रहे हैं। अभी तक सी.एम.एस. के 55 छात्र विदेशों के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों में स्कॉलरशिप के साथ चयनित हो चुके हैं। श्री शर्मा ने बताया कि सैट सेन्टर के रूप में सी.एम.एस. न सिर्फ अपने विद्यालय के छात्रों को अपितु लखनऊ व पूरे उत्तर प्रदेश के छात्रों को अपनी शैक्षिक प्रतिभा को प्रदर्शित करने एवं विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है। इन्हीं प्रयासों का प्रतिफल है कि अब तक बहुत बड़ी संख्या में छात्रों ने विदेशों के टॉप विश्वविद्यालयों में 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप के साथ प्रवेश की अर्हता प्राप्त की है।

Related Articles

Back to top button