Political News - राजनीतिState News- राज्यउत्तराखंड

उत्तराखंड: BJP ने जारी किया चुनाव कार्यक्रम, जल्दी मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष

देहरादून । उत्तराखंड में भाजपा को इस वर्ष 15 दिसंबर तक नया अध्यक्ष मिल जाएगा। भाजपा ने प्रदेश में सांगठनिक चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसकी शुरुआत 11 सितंबर से बूथ अध्यक्ष व बूथ समितियों के चुनाव से होगी।

इसके बाद मंडल व जिला इकाइयों के चुनाव होंगे और अंत में एक से 15 दिसंबर तक प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव के साथ ही यह प्रक्रिया संपन्न होगी। इस बीच पार्टी के प्रदेश चुनाव अधिकारी बलवंत सिंह भौंर्याल ने सभी जिलों के लिए चुनाव अधिकारियों व सह चुनाव अधिकारियों का एलान भी कर दिया।

भाजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी एवं विधायक बलवंत सिंह भौंर्याल ने पार्टी के प्रांतीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सांगठनिक चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 20 अगस्त तक सदस्यता अभियान चलेगा। इसके बाद 31 अगस्त तक सक्रिय सदस्यता का सत्यापन होगा।

11 सितंबर से बूथ इकाइयों के चुनाव से संगठनात्मक चुनाव प्रारंभ होंगे। उन्होंने सभी जिलों के लिए चुनाव अधिकारियों की सूची भी जारी की। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को केंद्रीय चुनाव प्रभारी राधामोहन सिंह देहरादून में प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यशाला को संबोधित करेंगे। कार्यशाला में जिला चुनाव अधिकारी व सह चुनाव अधिकारी समेत प्रांतीय पदाधिकारी भाग लेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश सह चुनाव अधिकारी अतर सिंह तोमर, प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ.देवेंद्र भसीन भी मौजूद थे।

यह है चुनाव कार्यक्रम

-बूथ अध्यक्ष व समिति सदस्यों का चुनाव 11 से 30 सितंबर तक।

-मंडल अध्यक्ष व मंडल स्तर पर समितियों का चुनाव 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक।

-जिलाध्यक्ष व प्रदेश परिषद सदस्यों का चुनाव 11 नवंबर से 30 नवंबर तक। -प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का चुनाव एक से 15 दिसंबर तक।

जिलेवार चुनाव अधिकारी व सह चुनाव अधिकारी

राजेंद्र अणथ्वाल व लोकेंद्र सिंह बिष्ट (उत्तरकाशी), कुलदीप कुमार व सुंदर सिंह रावत (टिहरी), मयंक गुप्ता व वीर सिंह चौहान (देहरादून), धन सिंह नेगी व अरविंद जैन (देहरादून महानगर), राजेश कुमार व शोभाराम प्रजापति (हरिद्वार), वीरेंद्र सिंह बिष्ट व मातबर सिंह रावत (पौड़ी), कुसुम कंडवाल व वेदप्रकाश जमलोकी (रुद्रप्रयाग), ज्योति प्रसाद गैरोला व गजेंद्र सिंह रावत (चमोली), प्रकाश हरबोला व मनोज सिंह सामंत (पिथौरागढ़), महेंद्र भट्ट व कुंवर सिंह गुसाई (अल्मोड़ा), केदार जोशी व जंगबहादुर सिंह दोसाद (बागेश्वर), खिलेंद्र चौधरी व शंकरलाल वर्मा (चंपावत), विनय रूहेला व विवेक शाह (नैनीताल) और कैलाश शर्मा व कमल जिंदल (ऊधमसिंहनगर)।

Related Articles

Back to top button