उत्तर प्रदेशफीचर्ड

उत्तर प्रदेश में देर रात से सुबह तक जमकर बरसे बादल, उमस भरी गर्मी से राहत


लखनऊ : प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बीती रात बादल मेहरबान हुए। कहीं झमाझम तो कहीं बूंदाबांदी हुई, जिससे गर्मी से बिलबिला रहे लोगों को थोड़ी सी राहत मिली। वहीं प्रदेश के कई इलाकों में बूंदें नहीं गिरने से उमस भरी गर्मी लोगों का अब भी पसीना छुड़ा रही है। राजधानी लखनऊ और आसपास शुक्रवार सुबह हुई बारिश ने गर्मी से राहत पहुंचाई, लेकिन दिन चढऩे के साथ ही चटक धूप व उमस से लोग बेहाल रहे। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 36.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ जबकि न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वातावरण में नमी 97 फीसद दर्ज हुई।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार को बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। वाराणसी में गुरुवार देर रात झमाझम बरसात के बाद शुक्रवार को भी पूर्वांचल के गाजीपुर, मऊ और आजमगढ़ सहित कई जिलों में बारिश हुई। वहीं कुछ जिलों में हल्की बरसात दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। जौनपुर में गुरुवार रात्रि तेज बरसात के बीच वज्रपात से एक युवक की मौत हो गई। इस दौरान दो मवेशियों की भी मौत हो गई। कानपुर में छाए बादल एक बार फिर तरसाकर चले गए। इसके बाद निकली तीखी धूप ने इतनी उमस बढ़ाई कि लोग पसीना-पसीना होकर बेहाल रहे। कानपुर में सीएसए के मौसम विभाग में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्नाव में अधिकतम तापमान 34, बांदा में 36, चित्रकूट में 42, फर्रुखाबाद में 34.3, औरैया में 33, इटावा में 34 डिग्री, महोबा में 35 डिग्र्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कन्नौज में दिन में रिमझिम बारिश के बाद चटक धूप निकली जिससे अधिकतम तापमान 37 डिग्री पर पहुंच गया।

हमीरपुर में गुरुवार की बारिश के बाद शुक्रवार को तेज धूप में अधिकतम तापमान 42.01 पहुंच गया। फतेहपुर में छिटपुट बारिश के बाद पारा 34 डिग्री पर रहा। संगमनगरी इलाहाबाद और उसके पास के जिलों में मानसून शुक्रवार को भी नहीं पसीजा। लोग उमस भरी गर्मी से परेशान नजर आए। इलाहाबाद में अधिकतम तापमान 37 डिग्र्री सेल्सियस रहा। प्रतापगढ़ और कौशांबी में भी बादलों के बीच धूप सिरदर्द का सबब बनी रही। कौशांबी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिन में बारिश हुई, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मुरादाबाद में बादल आए और चले गए। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सम्भल से सटे कुछ इलाकों में बारिश हुई। अमरोहा, रामपुर में बादल छाए रहे मगर एक बूंद पानी नहीं बरसा। आगरा के खंदौली में मूसलाधार तो शहरी इलाके के कुछ हिस्सों में छिटपुट बरसात हुई। मथुरा में पवेशरा गांव में झमाझम बारिश होने से एक कच्चा मकान ढह जाने से परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Related Articles

Back to top button