International News - अन्तर्राष्ट्रीयअजब-गजबफीचर्ड

एक बार में 156 बीयर पीने वाले पहलवान की कहानी


पेरिस : 7 फीट 4 इंच लंबे आंद्रे द जायंट के कारनामे ऐसे हैं जो हर किसी को हैरत में डाल दें। आंद्रे डब्ल्यूडब्ल्यूएफ अब डब्ल्यूडब्ल्यूई के हैवीवेट चैंपियन थे, लेकिन उनकी प्रसिद्धि की सबसे बड़ी वजह कुछ और है, आंद्रे को ग्रेटेस्ट ड्रंक ऑन अर्थ माना जाता है। दूसरे शब्दों में कहें तो आंद्रे के नाम एक ‘बार’ में सबसे ज्यादा शराब पीने का अनधिकृत रिकॉर्ड है। ऐसे भी मान सकते हैं कि एक सिटिंग में बैठकर 156 बीयर पीने वाला ये शख्स दुनिया का सबसे बड़ा शराबी था। 7 फुट से ज्यादा लंबे और 200 किलो से ज्यादा भारी आंद्रे को देखकर लोग हैरत में पड़ जाते थे लेकिन आंद्रे का ये भीमकाय शरीर एक बीमारी की वजह से था। आदमी के शरीर में गर्दन के पीछे की तरफ पीयूष ग्रंथि होती है, इससे निकलने वाला हॉर्मोन ही इंसान की लंबाई चौड़ाई तय करता है। आमतौर पर पीयूष ग्रंथि (पिट्यूट्री ग्लैंड) एक निश्चित सीमा के बाद हॉर्मोन बनाना बंद कर देती है और इंसान का कद बढ़ना रुक जाता है। आंद्रे की बीमारी ने उसके अंदर ग्रोथ हार्मोन को नहीं रोका और आंद्रे का शरीर बढ़ता चला गया। स्कूल में आंद्रे एक अच्छा स्टूडेंट था लेकिन उसने आठवीं क्लास के बाद पढ़ाई छोड़ दी, उसका मानना था कुछ भी उसे करना ताकत वाला काम है तो पढ़कर समय क्या बर्बाद करना। आंद्रे के पहले एक किसान फिर रेसलर बनने की कहानी बड़ी लंबी और रोचक है। लेकिन एक शराबी के तौर पर आंद्रे कुछ ज्यादा ही मशहूर हैं। आंद्रे अपने हर मैच से पहले छः बोतल वाइन पीकर उतरता था, इतनी शराब में अच्छा खासा इंसान सीधा न चल पाए। आंद्रे को इतनी शराब में कोई फर्क नहीं पड़ता था, दरअसल दैत्याकार शरीर के चलते आंद्रे की हड्डियों पर भयंकर दबाव पड़ता था। मैच के दौरान इस दर्द से बचने के लिए आंद्रे वाइन पीकर उतरता था, वैसे आंद्रे फ्रेंच था और फ्रांस के लोगों का वाइन कनेक्शन दुनिया भर में फेमस है। हालांकि बाद में आंद्रे के ऑपरेशन के लिए डॉक्टर ने उसकी दवा की डोज़ भी उसकी शराब की कैपेसिटी से तय की। आंद्रे के शराब पीने के कई किस्से हैं, इनमें से ज्यादातर में 100 से ज्यादा बीयर पीने की बात मिलती है। आंद्रे ने जिस बार में 156 बीयर पी उसका भी किस्सा बड़ा रोचक है। 156 बीयर में 73 लीटर जितना लिक्विड होता है, ये किसी आम इंसान के पेट की क्षमता से 55 गुना है, इतनी शराब पीने के बाद आंद्रे बेहोश हो गया। अब बार वालों के सामने दो रास्ते थे, पुलिस को खबर करते कि वो आंद्रे को उसके घर भेजने की व्यवस्था करें, मगर इससे अच्छा खासा तमाशा होने का डर था। बार के स्टाफ ने आंद्रे को वहीं रहने दिया, जब उसे होश आया तो वो खुद चला गया। इसके अलावा एक-आध बार ऐसा भी हुआ कि आंद्रे शराब के नशे में लड़खड़ाकर किसी के ऊपर गिर पड़ा, उसके गिरने से लोगों को अच्छी खासी चोट लग गई।
आंद्रे अपने बेहद बड़े शरीर के साथ बड़ा दिल भी रखता था, एक फिल्म के सेट पर, सबने खाना खाया। हीरो अरनॉल्ड श्वारज़ेनेगर खाने का बिल देने काउंटर पर चले गए, आंद्रे ने मिस्टर यूनिवर्स अरनॉल्ड को गोद में उठाया और कुर्सी पर ले जाकर बैठा दिया। आंद्रे की मोहम्मद अली और तमाम दूसरे बॉक्सर्स के साथ तस्वीरे हैं, जहां अली और दूसरे लोग किसी बच्चे की तरह लग रहे हैं। इन सारी अच्छी बातों के बीच आंद्रे की समस्या बढ़ती जा रही थी। उसका शरीर लगभग 300 किलो तक पहुंच गया था। लगातार बढ़ते जिस्म का दबाव उसके दिल पर बहुत ज्यादा पड़ रहा था, इससे राहत पाने के लिए उसकी शराब की लत भी बढ़ती जा रही थी, जनवरी 1993 में 46 साल की उम्र में आंद्रे को पेरिस के होटल में मरा पाया गया। दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई थी, आंद्रे फ्रांस अपने पिता के जनाज़े में शामिल होने आया था, उसको उसके पिता के पास ही दफना दिया गया। आज की पीढ़ी आंद्रे के नाम से भले ही वाकिफ न हो लेकिन आंद्रे की विरासत बहुत बड़ी है। 1970 और 80 के दशक में आंद्रे सबसे महंगा रेसलर था। आंद्रे का नाम डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के हॉल ऑफ फेम में शामिल है, उसके नाम से एक अवॉर्ड भी दिया जाता है। आज के स्टार रेसलर बिग शो (पॉल व्हाइट) की तुलना लोग उनकी कद काठी के चलते आंद्रे से कर देते हैं, कुछ लोग दोनों को रिश्तेदार भी मानते हैं लेकिन दोनों के बीच में कोई संबंध नहीं हैं।

Related Articles

Back to top button