उत्तर प्रदेशब्रेकिंग

कांग्रेस के पाप का परिमार्जन है नागरिकता संशोधन अधिनियम

गोरखपुर : नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में शहर के महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में रविवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहा कि यह कानून कांग्रेस का पाप है, जिसका परिमार्जन उसे खुद करना चाहिए था लेकिन यह कार्य भाजपा सरकार कर रही है। इसके लिए कांग्रेस को जहां प्रधानमंत्री का अभिनंदन करना चाहिए तो वहां वह लोगों को गुमराह कर रही है। दरअसल कांग्रेस सपा के साथ मिलकर वामपंथ की उस सिद्धांत पर कार्य करने का प्रयास कर रही है, जिसमें यह कहा जाता है कि एक झूठ को सौ बार बोलो तो वह सच हो जाता है। ऐसे में हमारा दायित्व बनता है कि हम लोगों के बीच जाएं और नागरिकता कानून से देश को होने वाले फायदे के बारे में बताएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कानून देश के किसी नागरिक के खिलाफ नहीं है, बल्कि उन घुसपैठियों के खिलाफ है, जो आतंक फैलाने का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार का पहला कार्यकाल जन कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने में बीता, जिसमें बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया। दूसरा कार्यकाल राष्ट्रीय आकांक्षाओं को पूरा करने का है, सीएए जिसकी चौथी कड़ी है। इससे पहले बारी-बारी से तीन तलाक व अनुच्छेद 370 को समाप्त करने और राम मंदिर निर्माण को शुरू करने का कार्य किया गया है। योगी ने कहा कि अब तो हमारी सेना भी यह भी कहने लगी है कि जिस दिन सरकार आदेश करेगी पाक अधिकृत कश्मीर भारत का हिस्सा होगा। इसके पीछे मोदी सरकार की मंशा नए भारत के निर्माण की है, जिस दिशा वह काफी आगे बढ़ चली हैं। इसी का नतीजा है कि आज अमेरिका और ईरान के बीच तनाव की स्थिति में भारत से मध्यस्थता की उम्मीद पूरी दुनिया कर रही है। योगी ने लोगों से अपील की कि वह सीएए का लागू करने के लिए मोदी का अभिनंदन पोस्टकार्ड भेजकर करें। इसे लेकर मौन रहना भी राष्ट्रदोहियों का समर्थन है। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सीएए भारतीयता के विजय की अभिव्यक्ति है। यह कानून दूसरे देशों के भारतीय पीड़ितों के लिए बनाया गया है, किसी भारतीय को नागरिकता से बेदखल करने के लिए नहीं। उन्होंने उन मुस्लिम युवाओं और मौलानाओं का अभिनंदन किया, जिन्होंने कानून को समझा और इसका समर्थन किया है। प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह ने कहा कि कुछ लोग सीएए के विरोध की आड़ में देश के युवाओं को बांटने का कार्य कर रहे हैं, उनके मंसूबों को पूरा नहीं होने दिया जाएगा।

जनसभा में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद रवि किशन, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह के अलावा गोरखपुर, बस्ती और आजगमढ़ जिलों के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन सहजानंद राय ने किया। रैली में लोगों की भारी भीड़ रही। इसमें मुस्लिम समुदाय के लोग भी शामिल रहे। उन्होंने भी कहा है कि यह कानून देश में है। तमाम लोगों ने कहा कि वह रैली में इस लिए आए हैं कि सीएए को लेकर जो भ्रम फैलाया जा रहा है, उसकी सच्चाई से वाकिफ हो सकें। रैली में शामिल होने आए पिपराइच क्षेत्र के हाफिज नसीब ने बताया कि सीएए को लेकर लोग भ्रम फैला रहे हैं। यह कानून देश हित के लिए है। सिंवई बाजार के ईस्माइल ने कहा कि इस कानून से किसी की नागरिकता नहीं छिनने वाली। इस कानून से लोगों को नागरिकता मिलेगी। मऊ जिले के मो. जावेद वर्तमान में सूरजकूंड के निवासी हैं, उनका कहना है कि नागरिकता संशोधन काूनन से किसी को कोई दिक्कत नहीं नहीं है। दूसरे देशों से आने वाले पीडि़त व शोषित व्यक्तियों को नौकरी मिलेगी। जमुनही की अनीषा खातून का कहना है कि सीएए को लेकर तरह-तरह का भ्रम फैलाया जा रहा था।

Related Articles

Back to top button