स्पोर्ट्स

क्या BJP में शामिल होने जा रहे हैं धोनी, पूर्व मंत्री ने किया दावा

महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की खबरों के बीच अब उनके बारे में नई बातें सामने आ रही हैं। कहा जा रहा कि धोनी जल्द क्रिकेट से संन्यास लेकर राजनीति की पिच पर अपनी नई पारी की शुरुआत कर सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी धोनी को पार्टी में शामिल करने की कवायद शुरू कर चुकी है। टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज रहे गौतम गंभीर के बाद भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नजर महेंद्र सिंह धोनी पर गड़ा दी है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता संजय पासवान ने दावा किया है कि महेंद्र सिंह धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से जल्द संन्यास लेकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनकी धोनी से कई बार मुलाकात और बातचीत भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट के जरिए देश की बहुत सेवा कर ली है। अब उन्हें क्रिकेट से संन्यास लेकर समाज और देश सेवा के लिए राजनीति में आना चाहिए। पासवान ने दावा किया है कि वह धोनी के लगातार संपर्क में हैं, उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही इस बारे में फैसला लेंगे।

मालूम हो कि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने जनसंपर्क के जरिए देश की महत्वपूर्ण हस्तियों से मुलाकात की थी, इस अभियान को पार्टी ने ‘संपर्क फॉर समर्थन’ नाम दिया था। इस अभियान के तहत भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात की थी और उन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियों और अपनी पार्टी के विचारों से भी अवगत कराया था।

महेंद्र सिंह धोनी की ओर से फिलहाल इस बारे में कोई भी बयान नहीं आया है। भाजपा से कई क्रिकेट खिलाड़ी पहले से भी जुड़े रहे हैं। पंजाब में कांग्रेस के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू पहले भाजपा में ही थे और टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने भी लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा का दामन थामा और वह पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद भवन पहुंचे हैं। कीर्ति आजाद, चेतन चौहान जैसे नाम भी भाजपा से जुड़े रहे हैं।

Related Articles

Back to top button