अपराधदिल्ली

क्लीनिक में घुश्कर चाकू से वारकर महिला डॉक्टर की हत्या

नई दिल्ली: गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके के मकनपुर में गुरुवार देर रात एक महिला डॉक्टर की क्लीनिक में घुसकर हत्या कर दी गई। महिला डॉक्टर का शव उसी के क्लीनिक में खून से लथपथ हालत में मरीज देखने वाली बेंच पर पड़ा हुआ मिला। शव के ऊपर चादर भी डाली हुई थी। जानकारी के अनुसार, डॉक्टर सरला दास (42) इंदिरापुरम के न्याय खंड-2 के मकान नंबर सी-14 में परिवार के साथ रहती थीं। इनका मकनपुर गांव में राशन की दुकान के पास फैमिली क्लीनिक है। सामान्य दिनों में महिला डॉक्टर रात 8-9 बजे तक घर पहुंच जाती थीं, लेकिन गुरुवार रात 12 बजे तक वह घर नहीं पहुंचीं तो उनके पति संजूनाथ ने उन्हें फोन किया, लेकिन सरला का फोन बंद था। इसके बाद संजूनाथ उन्हें तलाश करते हुए सरला के क्लीनिक पर पहुंचे, जहां सरला लहूलुहान हालत में पड़ी थी और क्लीनिक का दरवाजा खुला हुआ था। मरीज को लिटाकर देखने वाली बेंच पर महिला का शव पड़ा हुआ था। शव के ऊपर एक चादर और उसके ऊपर एक पॉलीथिन भी पड़ी हुई थी। परिजनों ने चादर हटाकर देखा तो शरीर पर चाकू के 2 वार मिले। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने क्लीनिक में हत्यारे की फ्रेंडली एंट्री की संभावना जताई है। पुलिस का कहना है कि महिला के हत्यारे परिचित भी हो सकते हैं। पुलिस अधीक्षक (सदर) श्लोक कुमार ने बताया कि महिला के गले, पेट और पैरों पर चोटों के निशान हैं। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। वहीं, यह सवाल भी उठ रहे हैं कि न्याय खण्ड में रहने वाली डॉक्टर सरला दास की 2 बेटी और पति घर में मौजूद थे। इसके बावजूद रोजाना 9 बजे तक घर पहुंच जाने वाली कामकाजी महिला जब 12 बजे तक भी घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने इतनी देरी से तलाश शुरू क्यों की।

Related Articles

Back to top button