National News - राष्ट्रीय

गुलमर्ग और पहलगाम में हल्की बर्फबारी

श्रीनगर : जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग और पहलगाम में बीती रात के दौरान हल्की बर्फबारी हुई है। वहीं कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में सुधार आया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अलग अलग स्थानों पर, खास तौर से उपरि इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है । उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 9 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है जो परसो रात के शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस से कम था। अधिकारी के मुताबिक, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जिसमें कल की तुलना में मामूली बढ़ोतरी हुई है। उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड हुआ है ।

अधिकारी ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र के करगिल शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 20 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया है। यह शहर राज्य का सबसे सर्द इलाका था। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.3 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड हुआ है जो परसो रात शून्य से 14.2 डिग्री सेल्सियस नीचे था। कश्मीर में फिलहाल 40 दिन का चिल्लाई कलां चल रहा है। इस दौरान काफी सर्दी पड़ती है और बर्फबारी की संभावना अधिक रहती है। इसके साथ ही तापमान भी काफी गिरता है। चिल्लाई कलां 31 जनवरी तक चलेगा लेकिन घाटी में इसके बाद भी सर्दी बनी रहती है।

Related Articles

Back to top button