फीचर्डराज्यराष्ट्रीय

कांग्रेस की नेता ने ‘अपनों’ पर लगाया प्रताड़ना का आरोप 

goa-congress leaderपणजी। गोवा प्रदेश युवक कांग्रेस की अध्यक्ष वालंका अलेमाओ ने अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित किए जाने के अगले दिन रविवार को पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों पर प्रताड़ित करने और पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह पर पद से इस्तीफा देने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। अलेमाओ को शनिवार को निलंबित कर दिया गया था। प्रदेश अध्यक्ष जॉन फर्नांडीज पर उन्हें गालियां देने का आरोप लगाते हुए वालंका ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से ‘न्याय’ की मांग की है और उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि महिलाओं को सबल बनाने का कांग्रेस के दावे की कलई इसी बात से खुल जाती है कि एकमात्र राज्य में युवक कांग्रेस अध्यक्ष पद पर आसीन महिला से पद से हटा दिया जाता है। फर्नांडीज की तरफ से कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने वालंका के दावों को खारिज किया और उसे ‘सस्ती लोकप्रियता हासिल करने’ का प्रयास बताया। उन्होंने मांग की कि अपनी टिप्पणी के लिए वालंका दिग्विजय सिंह से माफी मांगें। दिग्विजय सिंह पार्टी में गोवा मामलों के प्रभारी हैं। वालंका ने संवाददाताओं से कहा ‘‘दिग्विजय सिंह उन लोगों में से हैं जिन्होंने मेरा मार्गदर्शन किया और कहा कि हम चाहते हैं कि आपके जैसे लोग आगे आएं और आज वही दिग्विजय खुद ही मुझसे कह रहे हैं कि यदि आप इस्तीफा दे देती हैं तो यह आपके भविष्य के लिए बेहतर रहेगा अन्यथा आप देखिए कि क्या होने जा रहा है। मैं वास्तव में नहीं समझ पा रही हूं कि मुझे क्या कहना चाहिए।’’ वालंका पूर्व मुख्यमंत्री चर्चिल अलेमाओ की बेटी हैं और उन्हें पिछले वर्ष अगस्त महीने में युवक कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। लेकिन 2०14 के आम चुनाव के दौरान बाप-बेटी दोनों की भूमिका संदिग्ध रही।

Related Articles

Back to top button