उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राजनीतिराज्य

गोविंद नगर में रोड शो कर सकतीं हैं प्रियंका वाड्रा, हो रही तैयारी…

कानपुर । शहर में गोविंद नगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। कांग्रेस ने प्रत्याशी की घोषणा के बाद जमीन तैयार करनी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि प्रत्याशी के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा रोड शो कर सकती है। दिल्ली में उनसे मुलाकात करने के बाद नगर एवं ग्रामीण कांग्रेस के पदाधिकारियों का दावा है कि प्रियंका ने गोविंदनगर सीट पर उपचुनाव में रोड शो करने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही पदाधिकारियों ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।

कांग्रेस नेता राजीव द्विवेदी ने बताया कि नगर ग्रामीण के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रियंका वाड्रा से मुलाकात का समय मांगा था। शुक्रवार को राहुल गांधी के तुगलक रोड आवास पर प्रियंका वाड्रा से मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने कानपुर में चल रही राजनीतिक सरगर्मी के बारे में विस्तार से जानकारी ली। प्रत्याशी के बारे में भी पूछा। प्रतिनिधिमंडल ने कानपुर आगमन का निवेदन किया तो उन्होंने रोड शो करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही कानपुर नगर ग्रामीण के सदस्यों को दस हजार नए सदस्य कांग्रेस से जोडऩे का लक्ष्य दिया। बताया गया कि वर्ष 2022 के लिए प्रत्याशियों की खोज शुरू कर दी गई है।

पुराने कांग्रेसियों की सूची तैयार करें कार्यकर्ता

गोविंद नगर उपचुनाव के लिए कांग्रेसियों ने तैयारी शुरू कर दी है। काकादेव स्थित गेस्ट हाउस में पार्षदों और कार्यकर्ताओं की बैठक में शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने वर्तमान पार्षदों, पूर्व पार्षदों, वार्ड अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से चुनाव के लिए कमर कसने को कहा। उन्होंने सभी को क्षेत्र में टीम बनाकर पुराने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। पूर्व अध्यक्ष ने बताया कि कार्यकर्ताओं को सौंपे गए कार्य की स्क्रीनिंग वह और प्रत्याशी करिश्मा ठाकुर करेंगी।

Related Articles

Back to top button