टॉप न्यूज़दिल्लीराजनीतिराज्य

‘जनता से संवाद’ अभियान का मनोज तिवारी ने किया आगाज, केंद्र की उपलब्धियां गिनायेंगे

नई दिल्ली । विधानसभा चुनाव की तैयारी को धार देने के लिए भाजपा नेता जनता से सीधा संवाद करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने रविवार को मटियाला के कांगन हेड़ी गांव से दिल्ली संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली सरकार की नाकामियों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के साथ ही केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जनहितकारी नीतियों के बारे में भी उन्हें बताया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली में महिला सुरक्षा, 500 नए स्कूल खोलने, पारदर्शी शासन व्यवस्था देने, भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का वादा किया था। उनके वादों पर भरोसा करके दिल्ली की जनता ने उन्हें अपार समर्थन भी दिया था, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं हुआ।

आप नेताओं पर जमकर साधा निशाना

मनोज तिवारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता महिला उत्पीड़न, भ्रष्टाचार और शिक्षा के क्षेत्र में घोर अनियमितताओं का पर्याय बन गए हैं। उन्होंने कहा कि कई विधायकों और मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल को अदालत ने एक अपराधिक मामले में दोषी करार दिया है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि केजरीवाल केंद्र सरकार की जनहितकारी नीतियों और दिल्ली के बीच में दीवार बनकर खड़े हैं। दिल्ली संवाद के जरिये भाजपा के कार्यकर्ता इस दीवार को तोड़ने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने मुफ्त बिजली देने के नाम पर दिल्ली की जनता की गाढ़ी कमाई के पैसे को सब्सिडी के रूप में बिजली कंपनियों के हवाले कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के पास एक मात्र जल मंत्रालय है। उनके दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष बनने के बाद से दिल्ली में पानी आपूर्ति की स्थिति और खराब हो गई है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र की जनहित से जुड़ी योजनाओं को केजरीवाल दिल्ली में लागू नहीं कर रहे हैं। बता दें कि दिल्ली में अगले साल जनवरी या फरवरी तक विधानसभा चुनाव हो सकता है। ऐसे में राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button