अन्तर्राष्ट्रीयब्रेकिंग

तरणजीत सिंह संधू होंगे यूएस में नए भारतीय राजदूत

वॉशिंगटन : वरिष्ठ राजनयिक तरणजीत सिंह संधू को अमेरिका में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया जाएगा। वह वर्तमान में श्रीलंका में भारत के राजदूत हैं। संधू अमेरिका में हर्षवर्धन श्रृंगला के स्थान पर नियुक्त किए जाएंगे। श्रृंगला इसी सप्ताह भारत लौटकर आए हैं और वह अब विदेश सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। संधू के पास यूएन में भी काम करने का अनुभव है। साथ ही वह वाशिंगटन में जाने माने चेहरा हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फरवरी के अंत में भारत आने की संभावना है। इसके मद्देनजर संधू की नियुक्ति की जल्द ही घोषणा की जा सकती है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वाशिंगटन डीसी में नई नियुक्ति की प्रक्रियाएं भी चल रही हैं। नियुक्ति से संबंधित फाइल को सक्षम अधिकारी ने मंजूरी दे दी है। लेकिन सरकार को इसके बारे में आधिकारिक घोषणा करना बाकी है।

23 जनवरी 1963 को शिक्षाविदों के परिवार में जन्मे, उच्चायुक्त संधू ने लॉरेंस स्कूल, सनावर में पढ़ाई की और दिल्ली के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से इतिहास ऑनर्स में स्नातक किया। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में मास्टर्स डिग्री हासिल की। भारत के मौजूदा विदेश सचिव विजय गोखले इस महीने के आखिरी में सेवानिवृत होने वाले हैं। गोखले के स्थान पर श्रृंगला को नया विदेश सचिव नियुक्त किया गया है। संधू को अमेरिका का राजदूत बनाया गया है। इसके साथ ही जावेद अशरफ जो अभी सिंगापुर के राजदूत हैं को फ्रांस का राजदूत नियुक्त किया गया है। पिछले कुछ वर्षों में भारत और फ्रांस के बीच राजनयिक संबंध काफी प्रगाढ़ हुए हैं। फ्रांस के मौजूदा राजदूत विनय क्वात्रा नेपाल के राजदूत की जिम्मेदारी संभालेंगे। नेपाल के मौजूदा राजदूत मनजीव सिंह पुरी हाल ही में सेवानिवृत हुए हैं।

Related Articles

Back to top button