टॉप न्यूज़दिल्लीराज्य

दिल्ली: खाली कराया गया आनंद विहार बस अड्डा, बसें बंद, रास्ता भी किया गया सील

लॉकडाउन के बीच राजधानी दिल्ली से भारी संख्या में मजदूर अपने-अपने गांवों की ओर पलायन कर रहे हैं। रविवार को आनंद विहार और कौशांबी बस अड्डे से पलायन करने वालों को वापस भेजकर इलाके को खाली कराया गया। शनिवार रात तक आनंद विहार में करीब 15000 लोग जमा थे, जिनमें से अब केवल 300-400 लोग बचे हैं। वो भी वापस जा रहे हैं। वहीं कौशांबी बस अड्डा भी रविवार सुबह से खाली है।

आनंद विहार जाने वाले सारे रास्ते बंद
दिल्ली पुलिस ने आंनद विहार जाने वाले सभी रास्तो को बंद कर दिया है। फिलहाल कड़कड़ी मोड़ और कड़कड़डूमा के पास कई लोग फंसे हुए हैं।

आनंद विहार बस अड्डे से लाल कुआं भेजे जा रहे लोग
हालांकि अभी भी आनंद विहार बस अड्डे के पास करीबन 300 से 400 लोग मौजूद हैं। इन्हें गाजियाबाद के लाल कुआं भेजा जा रहा है। लाल कुआं से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए लगातार बसें चलाई जा रही हैं। सुबह जो भी प्रवासी कामगार आनंद विहार पहुंचे हैं उन सबको लाल कुआं भेजा जा रहा है।

यात्रियों को कौशांबी बस अड्डे से लाल कुआं भेजा जा रहा
शनिवार रात तक कौशांबी बस अड्डे पर हजारों लोगों की भीड़ थी। देर रात दो बजे तक 800 बसों के माध्यम से सभी लोगों को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंचाया गया। अब यहां जो लोग आ रहे हैं उन्हें गाजियाबाद के लाल कुआं भेजा जा रहा है। लाल कुआं से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए लगातार बसें चलाई जा रही हैं।

ट्रैफिक पुलिस आयुक्त का आदेश- डीटीसी बस के यात्रियों को वापस घर भेजें
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त(ट्रैफिक) ताज हसन ने वायरलेस मैसेज फ्लैश करवा कर आदेश जारी किया है कि डीटीसी की जो बस जहां है, उसे वहीं रोक दिया जाए और लोगों को उतारकर उनके घर भेजा जाए। कोई बस आनंद विहार बस अड्डे या कहीं नहीं जाएगी इसके बाद दिल्ली पुलिस बसों को रोकने में लग गई है।

Related Articles

Back to top button