BREAKING NEWSNational News - राष्ट्रीयTOP NEWSफीचर्ड

दूरदर्शन की जानी मानी वरिष्ठ एंकर नीलम शर्मा का निधन

नई दिल्ली : दूरदर्शन की जानी मानी वरिष्ठ एंकर नीलम शर्मा का शनिवार को निधन हो गया। दूरदर्शन के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भी इसकी जानकारी दी गई है। उनके साथी पत्रकारों और मीडिया से जुड़े लोगों ने भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। नीलम अपने पीछे पति व 15 वर्षीय पुत्र को छोड़ गई हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, वह कैंसर से पीड़ित थीं। उन्होंने साल 1995 में दूरदर्शन के साथ करियर की शुरुआत की थी। नीलम दूरदर्शन का एक जानामाना चेहरा थीं। नीलम के निधन पर दूरदर्शन ने शोक जताया है। लंबे समय तक दूरदर्शन की पहचान रही नीलम शर्मा ने चैनल के लिए तेजस्विनी और चर्चा में जैसे शो की एंकरिंग की। इन शो ने उनको हर घर में चर्चित किया। दर्शकों ने उन्हें हमेशा मुस्कुराते देखा। एंकरिग के दौरान हमेशा सौम्य और सरल रहीं। नीलम शर्मा के निधन पर प्रसार भारती के अध्यक्ष ए सूर्य प्रकाश ने दुख जताते हुए लिखा कि हमने अपनी तेजस्विनी को खो दिया है। वहीं, प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर और दूरदर्शन की महानिदेशक सुप्रिया साहू ने भी अपनी सहयोगी के निधन पर गहरा दुख जताया। वह पिछले 20 वर्षों से दूरदर्शन से जुड़ी हुई थीं।

नीलम को मार्च में ही ‘नारी शक्ति’ सम्मान मिला था। नीलम को इसके अलावा भी कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका था। बताया जा रहा है कि डीडी न्यूज की मशहूर एंकर नीलम शर्मा काफी दिनों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं और इन दिनों नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती थीं। हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था, जहां शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। फिलहाल उनके पार्थिव शरीर को नोएडा स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। कुछ देर बाद उनका अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर होगा। गौरतलब है कि एक महीने पहले ही पता चला था कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर है और आखिरी स्टेज में है। तबीयत खराब होने पर पहले उन्हें एम्स में दिखाया गया था, लेकिन तब कैंसर की पुष्टि नहीं हुई थी। नीलम शर्मा ने ‘बड़ी चर्चा’ और ‘तेजस्विनी’ जैसे कार्यक्रमों का काफी बेहतरीन तरीके से संचालन किया था। नीलम शर्मा चैनल की फाउंडिंग एंकर थीं और 20 साल से ज्यादा समय से डीडी न्यूज से जुड़ी हुई थीं। नीलम शर्मा पति अनिल कपूर रेडियो में कार्यरत हैं। नीलम ने कई सम्मान पाए, जिनमें ‘नारी शक्ति अवॉर्ड’ भी शामिल है।

Related Articles

Back to top button