Crime News - अपराध

दूसरी जाति में विवाह करने की मिली सजा, गर्भवती पत्नी और पति को उतारा मौत के घाट

तमिलनाडु के तूतुकुड़ी जिले में गुरुवार को अज्ञात लोगों के समूह ने एक जोड़े की हत्या कर दी है। जोड़े ने अतंरजातीय विवाह किया था। स्थानीय पुलिस का कहना है कि यह हेट क्राइम है। हत्या के समय महिला तीन महीने की गर्भवती थी। यदि पुलिस का घटना को हेट क्राइम कहना सही है तो यह एक हफ्ते के अंदर दूसरी घटना होगी। इससे पहले कोयंबटूर में एक अतंरजातीय जोड़े की हत्या कर दी गई थी। तूतुकुड़ी के कुलाथूर की पुलिस ने पीड़ितों की पहचान 24 साल के सोलाईराजन और 21 साल की ज्योति के तौर पर की है। दोनों दिहाड़ी मजदूर थे।

पुलिस ने कहा, ‘सोलाईराजन परायर समुदाय से ताल्लुक रखता था और उसे पल्लर समुदाय की लड़की ज्योति से प्यार हो गया। चूकिं दोनों नमक की फैक्ट्री में साथ काम करते थे तो उन्होंने शादी करने का फैसला लिया। ज्योति के परिवारवालों ने शादी का विरोध किया। जिसके बाद अप्रैल में उसने घर छोड़ दिया और अपने प्रेमी से शादी कर ली। लड़के के परिजनों को शादी से कोई ऐतराज नहीं था। उन्होंने जोड़े को स्वीकार कर लिया।’

शाम को तूतुकुड़ी पुलिस ने ज्योति के पिता अलागर को शक के आधार पर गिरफ्तार किया। पुलिस को लगता है कि दोनों की हत्या में अलागर का हाथ है। सोलाईराजन के परिवार ने शिकायत दर्ज कराई है। घटना तब सामने आई जब जोड़ा गुरुवार सुबह दिखाई नहीं दिया और उनके घर का दरवाजा बंद था। सोलाईराजन की मां मुत्थूमारी के साथ पड़ोसियों ने मिलकर जबरन दरवाजा खोला।

मुत्थूमारी की बहन करपागम ने कहा, ‘जब हमने दरवाजा खोला तो हम यह देखकर हैरान रह गए कि जोड़ा खून से लथपथ पड़ा था। उनके शरीर पर जगह-जगह चाकू के निशान थे।’ पुलिस का मानना है कि इस दोहरे हत्याकांड को लोगों के एक समूह ने बुधवार की देर रात को अंजाम दिया है।

तूतुकुड़ी के पुलिस अधीक्षक अरुण बालगोपालन ने कहा, ‘घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों का समूह मौके से फरार हो गया। हमें पता चला है कि लड़की के माता-पिता शादी के खिलाफ थे। इसलिए हमें शक है कि यह हेट क्राइम का मामला है।’ शवों को पोस्टमार्टम के लिए तूतुकुड़ी के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button