राज्य

पंजाब इलेक्शन: चुनावी स्याही से कई लोगों की अंगुली में हुआ इंफेक्शन

चार फरवरी को हुए पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान लगी चुनावी स्याही के कारण कई लोगों की अंगुली पर इंफेक्शन की शिकायत है।

जेएनएन। पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद वोटर्स की अंगुली पर लगाई गई स्याही अब उन्हें रुलाने लगी है। वोटिंग के एक हफ्ते बाद स्याही उतरनी तो शुरू हो गई है, लेकिन स्याही के साथ त्वचा भी उतरने लगी है। शहर के कई इलाकों के लोगों की शिकायत है कि स्याही की वजह से उन्हें स्किन इंफेक्शन हो गया है। कुछ लोग उतरी हुई स्किन पर पानी गिरने से जलन भी महसूस कर रहे हैं।

विवेक विहार के राहुल जामवाल ने बताया कि चुनावी स्याही के साथ त्वचा भी उतर रही है। कई दिनों से हाथ धोते समय, नहाते समय त्वचा पर पानी लगने से जलन होती है। डॉक्टर से बात की तो उन्होंने बताया कि उनकी त्वचा को ये स्याही सूट नहीं की। जामवाल ने कहा कि इस मामले की वह चुनाव आयोग को लिखि शिकायत भेजेंगे।

कुछ ऐसी ही समस्या फगवाड़ा गेट की रहने वाली अंकिता की है। अंकिता ने बताया कि उसकी अंगुली पर भी स्याही के साथ-साथ त्वचा उतरने लगी है। पानी लगने से जलन भी हो रही है।विवेक विहार के रहने वाले राहुल जामवाल की उंगली, जिसकी स्किन इलेक्शन इंक की वजह से उतरी हुई है।

यह होता है स्याही में

मैसूर में तैयार की गई इस स्याही में सिल्वर नाइट्रेट होता है। इसे उतारना नामुमकिन होता है। सिल्वर नाइट्रेट की वजह से त्वचा की पुरानी सेल डेड होने पर ही यह स्याही उतरती है। मगर कुछ लोगों को कई बार यह स्याही सूट नहीं करती, जिससे परेशानी होती है।

कई लोगों को स्याही सूट नहीं करती : डॉ. अश्विनी

त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अश्विनी गुप्ता का कहना है कि कई लोगों को यह स्याही सूट नहीं करती। जिन लोगों को यह सूट नहीं करती उन्हें स्किन इंफेक्शन की समस्या हो जाती है। ऐसे केसों में स्याही वाले हिस्से से स्किन भी उतरने लगती है।

Related Articles

Back to top button