उत्तराखंडटॉप न्यूज़राज्य

पहाड़ों में धूप, मैदानों में कोहरा; बारिश से होगा नए साल का स्वागत

देहरादून: उत्तराखंड में पहाड़ और मैदानों में मौसम का मिजाज अलग-अलग है। पहाड़ों में धूप खिल रही है, वहीं सुबह और शाम मैदानों में कोहरा छा रहा है। इससे पड़ रही कड़ाके की ठंड दुश्वारियां बढ़ा रही है। दून में नए साल का स्वागत भी शीतलहर के साथ होगा। रात को पाला और सुबह कोहरा कंपकंपी बढ़ाएगा।

दून में सोमवार की सुबह आसमान साफ रहा और चटख धूप खिली। मसूरी के साथ उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी, कुमाऊं में पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत, बागेश्वर में भी सुबह धूप खिल गई। वहीं, हरिद्वार, ऋषिकेष, रुड़की, उधमसिंह नगर आदि मैदानी क्षेत्र में सुबह कोहले की चादर से सर्दी कंपकंपी छुड़ा रही है।

साथ ही सर्द हवा भी दुश्वारियां बढ़ा रही है। देहरादून में अधिकतम तापमान 21.4 और न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि मसूरी में अधिकतम और न्यूनतम पारा क्रमश: 14.5 और 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में पाले का प्रभाव बढ़ेगा। वहीं सुबह के समय मैदानों में कोहरा छाया रहेगा। दून का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 21 और 4 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके अलावा 31 दिसंबर को मौसम के करवट लेने की संभावना है। नए साल पर दून समेत आसपास के क्षेत्रों में बादलों का डेरा रहेगा। ऐसे में पहाड़ों में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं।

पिथौरागढ़ रहा सबसे सर्द

उत्तराखंड में तापमान में मामूली सुधार हुआ है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हुई वृद्धि के बीच दिन में बर्फीली हवा का प्रकोप कुछ कम हुआ है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम कोहरे की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शीतलहर के प्रकोप में कमी के आसार नहीं हैं। ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार में तापमान में सुधार हुआ है। ऊधमसिंहनगर में यह 6.5 और हरिद्वार में 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि यहां अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा। प्रदेश में पिथौरागढ़ सबसे सर्द रहा। यहां पारा शून्य के करीब पहुंच गया है।

विभिन्न शहरों में तापमान

शहर————-अधिकतम————-न्यूनतम

देहरादून————-21.4—————–3.9

उत्तरकाशी———12.4——————2.3

मसूरी—————14.5——————3.8

टिहरी—————12.7——————3.6

हरिद्वार————16.8——————6.1

जोशीमठ————10.4——————1.2

पिथौरागढ़———-13.6——————0.9

अल्मोड़ा————11.7——————2.3

मुक्तेश्वर———–13.2——————2.9

नैनीताल————12.1——————4.0

यूएसनगर———-14.2——————6.5

चंपावत————-11.1——————2.6

Related Articles

Back to top button