अन्तर्राष्ट्रीय

पूर्व यूएफा प्रमुख प्लातिनी को हिरासत में लिया

पेरिस : यूएफा के पूर्व अध्यक्ष मिशेल प्लातिनी को 2022 विश्व कप की मेजबानी कतर को सौंपने की जांच के संदर्भ में मंगलवार को हिरासत में लिया गया। जांच की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने यह जानकारी दी। फ्रांस के महान फुटबॉल खिलाड़ी प्लातिनी को 2007 में यूरोपीय फुटबॉल की संचालन संस्था का प्रमुख चुना गया था। कतर को 2022 विश्व कप की मेजबानी सौंपने के मामले की जांच कर रही फ्रांस की भ्रष्टाचार रोधी पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है। कतर को विश्व कप की मेजबानी सौंपने के फैसले से विवाद हो गया था क्योंकि भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच इसकी व्यावहारिकता पर सवाल उठाए गए थे। प्लातिनी 2015 तक यूएएफा के प्रमुख रहे जब उन्हें नैतिक आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए चार साल के लिए फुटबॉल से प्रतिबंधित कर दिया गया था। उन पर फीफा के पूर्व दागी प्रमुख सैप ब्लाटर से 20 लाख डॉलर लेने का आरोप भी था। कतर पर विश्व कप की मेजबानी हासिल करने के लिए वोट खरीदने का आरोप लगा था और इसके बाद अमेरिका के स्वतंत्र जांचकर्ता माइकल गार्सिया की रिपोर्ट में कई संदिग्ध वित्तीय लेने-देन का खुलासा हुआ। इनमें से कई सेंड्रो रोसेल से जुड़े थे जो बार्सीलोना के पूर्व अध्यक्ष थे। रोसेल ने कतर के सलाहकार की भूमिका निभाई थी। तीन बार बेलोन डियोर खिताब जीतने वाले प्लातिनी के 2016 में ब्लाटर की जगह फीफा अध्यक्ष बनने की उम्मीद थी लेकिन इसके बाद वह विवादों में फंस गए और तब से खुद को पाक साफ साबित करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button