दिल्लीफीचर्डब्रेकिंग

फिर सीएम केजरीवाल को युवक ने मारा थप्पड़, आरोपी हिरासत में

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। रैली के दौरान एक शख्स ने केजरीवाल को थप्पड़ मार दिया। दरअसल केजरीवाल शनिवार शाम को मोती नगर में एक रोड शो कर रहे थे तभी एक शख्स ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ मारने वाले शख्स को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। थप्पड़ मारने वाले का नाम सुरेश बताया जा रहा है और वह कैलाश पार्क का रहने वाला है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर हमले का यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी कई बार उन पर इस तरह के हमले हो चुके हैं। अप्रैल, 2016 में दिल्ली सचिवालय में ही पत्रकार वार्ता के दौरान उन पर जूता फेंका गया था। जूता फेंकने वाला आम आदमी सेना का कार्यकर्ता वेदप्रकाश शर्मा था। जूते के अलावा केजरीवाल की ओर सीडी भी उछाली गई। फरवरी, 2016 में ही पंजाब के लुधियाना में अरविंद केजरीवाल की कार पर कुछ लोगों ने लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया था, जिससे कार का सामने वाला शीशा टूट गया था। जनवरी, 2016 में दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में ऑड ईवन फॉर्मूले के 15 दिवसीय ट्रायल की सफलता का जश्न मना रहे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर स्याही फेंकने का मामला सामने आया था। मुख्यमंत्री जब मंच से सभा को संबोधि‍त कर रहे थे, तभी एक महिला ने नाराजगी जाहिर करते हुए उन पर स्याही फेंकी थी। इससे पहले 27 दिसंबर 2014 को दिल्ली में रैली के दौरान एक लड़के ने केजरीवाल पर पत्थर मारा था, यह अलग बात है कि उन्हें कोई चोट नहीं आई थी। फिर 26 दिसंबर 2014 को दिल्ली में रैली के दौरान उन पर अंडे फेंके गए थे। इससे भी पहले 2014 के लोकसभा चुनावों में दिल्ली में रोड शो के दौरान केजरीवाल को एक ऑटो ड्राइवर ने थप्पड़ मारा था।

Related Articles

Back to top button