उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

बबलू शुक्ला ने कहा कि उनकी प्रतिबद्धता सदैव माननीय अखिलेश यादव जी और समाजवादी पार्टी के प्रति रहेगी

लखनऊ: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की बिजावर विधानसभा क्षेत्र से 36 हजार वोट पाकर नव निर्वाचित समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी  राजेश कुमार उर्फ बबलू शुक्ला ने आज समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में आकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भेंट की और अपनी जीत के लिए समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव जी का आभार व्यक्त किया। बबलू शुक्ला ने कहा कि उनकी प्रतिबद्धता सदैव माननीय अखिलेश यादव जी और समाजवादी पार्टी के प्रति रहेगी और लोकसभा चुनावों में वे पूरी ताकत से मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी के लिए कार्य करेंगे। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष  अखिलेश यादव ने इस अवसर पर अपने सम्बोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी का अन्य प्रदेशों में भी तेजी से विस्तार हो रहा है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा दूसरे प्रदेशों में भी हो रही हैं। मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी का मत प्रतिशत बढ़ा है और उसके कई प्रत्याशी दूसरे नम्बर पर रहे है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक सद्भाव के लिए समाजवादी पार्टी ने हमेशा संघर्ष किया है। मध्य प्रदेश में भाजपा को सत्ता से बाहर रखने के इरादे से ही समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को सरकार गठन में समर्थन दिया है। यह लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के लिए समर्थन है। अखिलेश यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में जनता की आवाज विधानसभा में समाजवादी विधायक  राजेश कुमार उर्फ बबलू शुक्ला जोरदार ढंग से उठाएंगे। इस राज्य में किसानों, नौजवानों, आदिवासियों की स्थिति बहुत अधिक कमजोर है। किसान को उत्पादन का मूल्य कैसे मिलेगा? उन्होंने कहा कि बुनियादी समस्याओं से ध्यान नहीं हटाया जाना चाहिए। हमें किसी भटकाव में नहीं आना है। अखिलेश यादव ने आज यह भी कहा कि जब तक राफेल सौदा विवादों से बाहर न आ जाए तब तक इसके आंशिक बजट से भारी पैमाने पर सेना में युवाओं की भर्ती की जानी चाहिए।

इससे प्रतिरक्षात्मक क्षमता बढ़ेगी और सैन्य मनोबल भी और साथ ही बेरोजगारी की देशव्यापी विकराल समस्या से युवाओं को कुछ छुटकारा भी मिलेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि देश की राजनीति में भी समाजवादी पार्टी बड़ी भूमिका निभाएगी। उत्तर प्रदेश से ही दिल्ली के लिए रास्ता निकलेगा। समाजवादी पार्टी लोकसभा का चुनाव मजबूती से लड़ेगी। लोकसभा में इसके ज्यादा से ज्यादा सांसद जीतकर जाएंगे। इस सम्बंध में बड़ा फैसला होगा क्योंकि अंतिम लड़ाई यहीं पर होगी। इस अवसर पर मध्य प्रदेश समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सर्व गौरी यादव, अहमद हसन, बलराम यादव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, राजेन्द्र चौधरी, शाहिद मंजूर तथा एसआरएस यादव, अरविन्द कुमार सिंह, उदयवीर सिंह, पुष्पराज ‘पम्मी जैन‘ (सभी एम.एल.सी.) दीप नारायण यादव ‘दीपक‘ आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय है।

Related Articles

Back to top button