टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराजनीति

भाजपा के नये अध्यक्ष बनाये गये जेपी नड्डा, तीन वर्ष तक सम्भालेंगे जिम्मेदारी

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के नए अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को चुन लिया गया है, उनका चुनाव निर्विरोध हुआ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित पार्टी मुख्यालय से हुई। इसके मद्देनजर मुख्यालय में पार्टी के नेताओं के साथ भाजपा नेता अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी मौजूद रहे। नड्डा, अमित शाह की जगह लेंगे। संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के प्रभारी वरिष्ठ भाजपा नेता राधामोहन सिंह ने पार्टी मुख्यालय में इसकी घोषणा की। निवर्तमान अध्यक्ष अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने नड्डा को बधाई दी, जो पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे थे। वह तीन साल तक इस पद पर रहेंगे। दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रमुख और राज्यसभा सदस्य विजय गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जेपी नड्डा के नेतृत्व में आगे बढ़ेगी। गोयल ने बताया कि मुझे गर्व है कि हमने भारतीय जनता युवा मोर्चा में एक साथ काम किया है। जब वह अध्यक्ष थे, तब मैं महासचिव था। नड्डा बहुत ही सरल और अनुभवी व्यक्ति हैं। पार्टी उनके नेतृत्व में आगे बढ़ेगी। जेपी नड्डा भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामांकन की प्रक्रिया जल्द शुरू होनी है।

जेपी नड्डा की पत्नी मल्लिका नड्डा ने कहा कि यह हम सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। परिवार, बिलासपुर और हमारे हिमाचल प्रदेश राज्य सहित हर कोई आज बहुत खुश है क्योंकि इतने छोटे राज्य के एक व्यक्ति को बड़ी जिम्मेदारी दी जा रही है। जेपी नड्डा और उनकी पत्नी मल्लिका नड्डा के साथ अपने आवास से भाजपा मुख्यालय के लिए रवाना हो गए हैं, जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नामांकन की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। गौरतलब है कि अमित शाह वर्तमान में पार्टी के अध्यक्ष हैं और नरेंद्र मोदी कैबिनेट में केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में सेवारत हैं। शाह के नेतृत्व में भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2019 में जोरदार जीत हासिल की। हिमाचल प्रदेश के एक पूर्व मंत्री, नड्डा के पास संगठनात्मक अनुभव है और लोकसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद जून 2019 में उन्हें पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।

Related Articles

Back to top button