National News - राष्ट्रीयPolitical News - राजनीतिअजब-गजबफीचर्ड

भाजपा के लिये खुशखबरी : त्रिपुरा में चारिलाम विधानसभा सीट पर मिली जीत

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश उपचुनाव में मिली हार के बाद त्रिपुरा से भाजपा के लिए खुशखबरी आई है। पश्चिम त्रिपुरा की चारिलाम विधानसभा सीट पर हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी और उप मुख्यमंत्री जिष्णु देव बर्मन ने जीत हासिल कर ली है। गौरतलब है कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 60 सदस्यीय विधानसभा में से 35 सीटें हासिल की थी, जबकि इंडीजीनियस पीपल्स पार्टी ऑफ त्रिपुरा ( आईपीएफटी) ने आठ सीटों पर कब्जा जमाया था। दोनों पार्टियों के गठबंधन से बने दो तिहाई बहुमत से बीजेपी ने त्रिपुरा में 25 बरस के सीपीएम नीत वाम शासन को उखाड़ फेंका।

त्रिपुरा में गठबंधन की सरकार बनाने पर बिप्लब कुमार देब ने 9 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। जबकि जिष्णु देब बर्मा को उप मुख्यमंत्री बनाया गया। सीपीएम उम्मीदवार का निधन हो जाने के कारण इस सीट पर 18 फरवरी को चुनाव टाल दिया गया था।

बीते 11 फरवरी को चुनाव प्रचार के दौरान दिल का दौरा पड़ने से सीपीएम उम्मीदवार राम नारायण देबबर्मा का निधन हो गया था। इसके बाद 12 मार्च को चारिलाम सीट पर वोटिंग हुई थी। 12 मार्च को हुए मतदान में चारिलाम विधानसभा सीट पर 36,793 मतदाताओं में से 80 फीसदी से ज्यादा ने अपने मतों का प्रयोग किया था, जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या 17,880 थी। चारीलाम सीट के लिए बीजेपी प्रत्याशी जिष्णु देब बर्मन और माकपा के पलाश देबबर्मा समेत पांच उम्मीदवार मैदान में थे।

Related Articles

Back to top button