दस्तक-विशेषराज्यराष्ट्रीय

मजदूर से झारखंड के पहले गैर आदिवासी सीएम बने दास

raghubar-dasरांची। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तर्ज पर अपने पारिवारिक जीवन का प्रारंभ जमशेदपुर में टाटा स्टील की रोलिंग मिल में मजदूर के रूप में करने वाले भाजपा नेता रघुवर दास ने रविवार को झारखंड के दसवें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की जिसके साथ ही राज्य में किसी आदिवासी के ही मुख्यमंत्री बनने का क्रम टूट गया। स्वर्गीय चमन राम के बेटे रघुवर दास का जन्म तीन मई, 1955 को जमशेदपुर में हुआ था, जहां उन्होंने बचपन में सभी तरह की गरीबी देखी थी। जैसे देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बचपन में ही रेलवे स्टेशन पर चाय बेची है, वैसे ही रघुवर दास ने मजदूरी कर अपने परिवार के लिए दो जूट की रोटी कमायी थी। रघुवर दास ने 15 नवंबर, 2000 में बने झारखंड राज्य के दसवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ आज ली। राज्य बनने के चौदह वर्ष बाद वह पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो गैर आदिवासी हैं। दास के साथ आज चार अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली है। राज्य में नवंबर—दिसंबर में हुए विधानसभा चुनावों में पहली बार 81 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा और उसके गठबंधन सहयोगी आजसू को 42 सीटें जीतने में सफलता मिली है जिससे बहुमत की स्थिर सरकार की स्थापना हुई है।
उनसठ वर्षीय रघुवर दास ने छात्र के रूप में सत्तर के दशक में जेपी आंदोलन में भाग लिया और 1977 में जनता पार्टी के सदस्य बने। 1980 में भाजपा की स्थापना के साथ ही वह सक्रिय राजनीति में आये। वह 1995 में पहली बार ही जमशेदपुर पूर्व से विधानसभा का चुनाव लड़े और जीत कर विधायक बने और तब से इस बार लगातार पांचवीं बार उन्होंने उसी क्षेत्र से विधायकी का चुनाव जीता है। तत्कालीन बिहार के जमशेदपुर पूर्व से 1995 में उनका टिकट भाजपा के प्रसिद्ध विचारक के एन गोविंदाचार्य ने ही तय किया था और पहले ही अवसर का उपयोग करते हुए वह विधायक बन गये थे। इसीलिए मुख्यमंत्री पद के लिए मनोनीत किये जाने के बाद उन्होंने पार्टी का धन्यवाद किया है कि यह भाजपा में ही संभव है कि एक मजदूर का मजदूर बेटा इसी पार्टी में मुख्यमंत्री, राष्ट्रपति अथवा प्रधानमंत्री बन सकने की कल्पना कर सकता है।
दास पंद्रह नवंबर, 2000 से 17 मार्च, 2003 तक राज्य के श्रम मंत्री रहे, फिर मार्च 2003 से 14 जुलाई, 2004 तक वह भवन निर्माण तथा 12 मार्च 2005 से 14 सितंबर, 2006 तक झारखंड के वित्त, वाणिज्य और नगर विकास मंत्री रहे। इस बीच जुलाई, 2004 से मई, 2005 तक वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे और बाद में 19 जनवरी, 2009 से 25 सितंबर, 2010 तक वह एक बार फिर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष रहे। दास 30 दिसंबर, 2009 से 30 मई, 2010 तक झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ बनी भाजपा की गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री, वित्त, वाणिज्य ,कर, ऊर्जा, नगर विकास, आवास और संसदीय कार्य मंत्री रहे। हाल मं 16 अगस्त, 2014 को अमित शाह की अध्यक्षता में बनी टीम में वह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाये गये। रघुवर दास ने अपना कैरियर टाटा स्टील के रोलिंग मिल में मजदूर के रूप में प्रारंभ किया था और वहां भी बाद में उनकी छंटनी कर दी गयी थी जिसके बाद वह राजनीति से जुड़े। वह जमशेदपुर से बीएससी और एलएलबी उत्तीर्ण हैं। दास की पत्नी के अलावा उनके घर में उनका बेटा और बेटी हैं । बेटी विवाहिता है। एजेंसी

Related Articles

Back to top button