राज्य

‘मतदान के लिए पति मायके आने की अनुमति दे, तभी होंगे फेरे’

नागदा : मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में मतदान को लेकर इतनी जागरुकता है कि नागदा के पाड़ल्या रोड निवासी दीपिका सोनी ने अपने होने वाले पति के सामने शर्त रखी है कि 28 नवंबर को मतदान के लिए वे उन्हें मायके आने की अनुमति देंगे, तभी विवाह करेंगी। दीपिका की शर्त पति और ससुराल वालों ने मानी, तब जाकर दीपिका के घर विवाह कार्यक्रम शुरू हो सका। दीपिका सोनी आज परिणय सूत्र में बंध जाएंगी। 20 साल की दीपिका का विवाह राजस्थान के झालावाड़ जिले के गंधार तहसील के गांव देवगढ़ के नीतेश से तय हुआ है। विधानसभा चुनाव के लिए दीपिका का यह पहला मतदान होगा। दीपिका बताती हैं कि मतदान की प्रेरणा उन्हें पिता ओमप्रकाश सोनी और माता शारदा सोनी से मिली। उन्होंने बताया, मैं बचपन से अपने माता-पिता को मतदान की जिम्मेदारी निभाते देख रही हूं। इसीलिए 18 की उम्र होते ही वोटर आईडी कार्ड बनवा लिया था। मध्य प्रदेश में दीपिका आखिरी बार मतदान करेंगी। अगले चुनाव से वह राजस्थानी वोटर बन जाएगी। दीपिका कहती हैं कि इसलिए यह मतदान मेरे लिए और जरूरी हो जाता है। मैं भी अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकती।

Related Articles

Back to top button