National News - राष्ट्रीयPolitical News - राजनीतिState News- राज्यदिल्लीफीचर्ड

मध्यप्रदेश में शुरुआती चार घंटों में करीब 30 फीसदी मतदान

भोपाल। मध्यप्रदेश की आठ संसदीय सीटों पर आज हो रहे मतदान के तहत शुरुआती चार घंटों में करीब 30 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है।आधिकारिक जानकारी के मुताबिक देवास में करीब 35 फीसदी, उज्जैन में 29, मंदसौर में 33, रतलाम में 28, धार में 19, इंदौर में22, खरगाेन में 30 और खंडवा में 24 फीसदी मतदान प्रतिशत रहा है। इन संसदीय क्षेत्रों में शाम तक एक करोड़ 49 लाख से अधिक मतदाता वोट डाल सकेंगे। मतदान के लिए लगभग 81 हजार मतदान कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इन 8 लोकसभा क्षेत्रों में 82 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इस चरण में कुल एक करोड़ 49 लाख 13 हजार 890 मतदाताओं में 76 लाख 26 हजार 516 पुरुष, 72 लाख 86 हजार 890 महिला और 484 थर्डजेंडर हैं।

खंडवा सीट पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और मौजूदा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव से है। मंदसौर सीट पर कांग्रेस की केंद्रीय राजनीति में सक्रिय युवा नेता मीनाक्षी नटराजन चुनावी रण में हैं, जिनके सामने भाजपा के मौजूदा सांसद सुधीर गुप्ता एक बार फिर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। रतलाम सीट भी पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद कांतिलाल भूरिया के फिर मैदान में उतरने से चर्चाओं में है। उनका मुकाबला भाजपा के गुमान सिंह डामोर से हो रहा है।

इंदौर सीट इस बार यहां से आठ बार सांसद रह चुकीं लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के चुनावी मैदान में नहीं होने के बावजूद हाईप्रोफाइल बनी हुई है। भाजपा की गढ़ इस सीट पर इस बार पार्टी के शंकर लालवानी कांग्रेस के पंकज संघवी को चुनौती दे रहे हैं। नजदीकी धार सीट पर कांग्रेस के दिनेश गिरवाल और भाजपा के छतर सिंह के बीच कड़ा मुकाबला बना हुआ है।

देवास में भाजपा ने जज रह चुके महेंद्र सोलंकी को अपना प्रत्याशी बनाया है। श्री सोलंकी कांग्रेस के प्रहलाद टिपानिया का सामना कर रहे हैं। श्री टिपानिया प्रख्यात लोककलाकार और पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त हैं। देवास से ही सटी उज्जैन सीट पर भी भाजपा ने नया चेहरा उतारते हुए पूर्व विधायक अनिल फिरोजिया पर भरोसा जताया है। उनके सामने चुनावी दंगल में कांग्रेस के बाबूलाल मालवीय हैं। खरगोन सीट पर भाजपा के गजेंद्र पटेल कांग्रेस के डॉ गोविंद मुजाल्दे को चुनौती दे रहे हैं।मध्यप्रदेश में कुल 29 लोकसभा सीट हैं। 21 सीटों पर राज्य में तीन चरणों में क्रमश: 29 अप्रैल को छह, छह मई को सात और 12 मई को आठ सीटों पर मतदान हो चुका है। शेष आठ सीटों पर मतदान आज हो रहा है। सभी सीटों के नतीजे 23 मई को आएंगे। वर्तमान में 29 में से 26 भाजपा के पास और तीन सीटें कांग्रेस के कब्जे में हैं।

Related Articles

Back to top button