मनोरंजन

‘मर्दानी’ 2: रानी मुखर्जी का यह नया रूप देख हिल जाएंगे आप

नवरात्रि के मौक़े पर यशराज फ़िल्म्स ने अपनी अगली फ़िल्म मर्दानी 2 का फ़र्स्ट लुक टीज़र जारी किया गया है। मर्दानी फ्रेंचाइजी की इस दूसरी फ़िल्म में रानी एक बार फिर पुलिस अफ़सर के किरदार में दिखेंगी और इस बार एक नई बुराई का अंत करने निकलेंगी। क़रीब 38 मिनट का टीज़र काफ़ी धमाकेदार है और रानी का ‘एंग्री यंग वुमन’ वाला अंदाज़ देख आप भी हैरान रह जाएंगे। फ़िल्म इसी साल 13 दिसम्बर को रिलीज़ होने वाली है।

टीज़र को ट्विटर पर शेयर करते हुए यशराज फ़िल्म्स ने लिखा है- ”इस नवरात्रि. बुराई पर अच्छाई की जीत होगी। तारीख़ याद रखिए। 13 दिसम्बर।” मर्दानी को गोपी पुथरन ने निर्देशित किया है। फ़िल्म में विक्रम सिंह चौहान, श्रुति बापना, राजेश शर्मा और सुधांशु पांडेय अहम भूमिका निभा रहे हैं। ‘मर्दानी 2’ का ट्रेलर 2 अक्टूबर को रिलीज़ हो रही वॉर के साथ दर्शकों को देखने को मिलेगा।

मर्दानी फ्रेंचाइजी की पहली फ़िल्म में रानी ने ही लीड रोल निभाया था। 2014 में आदित्य चोपड़ा से शादी के बाद यह उनकी पहली रिलीज़ थी। मर्दानी को प्रदीप सरकार ने डायरेक्ट किया था, जबकि गोपी पुथरन ने इसे लिखा था। मर्दानी से ताहिर राज भसीन ने विलेन के रोल में डेब्यू किया था, जिसे काफ़ी पसंद किया गया। फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर भी कामयाबी हासिल की थी।

रानी के एक्शन वुमन स्टाइल को दर्शकों ने काफ़ी पसंद किया था। ख़ास बात यह है कि मर्दानी के बाद रानी हिचकी में बिल्कुल अलग अवतार में दिखीं। इस फ़िल्म में उन्होंने स्पीच प्रॉब्लस से पीड़ित टीचर का रोल निभाया था। यह फ़िल्म भी बॉक्स ऑफ़िस पर सफल रही थी। करियर के इस दौर में रानी काफ़ी चुनिंदा फ़िल्में कर रही हैं।सिंघम की तरह बॉलीवुड को एक कड़क, ईमानदार और उसूलों पर चलने वाली फीमेल पुलिस अफ़सर के तौर पर मर्दानी मिली है।

Related Articles

Back to top button