लखनऊ

मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला:  ससुरालियों ने संतान सुख ना दे पाने के चलते बुरी तरह से महिला को पीटा

हैवानियत की सारि हदें पर आरोपी पति ने महिला के बाल भी काट दिए और ऐसी हालत में ही उसे घर से बाहर निकाल दिया। महिला का कहना है कि किसी तरह वह अखबार के जरिए शरीर ढककर पुलिस के पास पहुंची।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल यहां रहने वाली एक महिला को उसके पति और ससुरालियों ने संतान सुख ना दे पाने के चलते बुरी तरह से पीटा। आरोपियों का गुस्सा इससे भी शांत नहीं हुआ तो पति ने महिला के नाजुक अंगों में नमक और मिर्च झोंक दिया। फिलहाल महिला ने इसकी शिकायत पुलिस से की है, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी। लेकिन सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। खबर के अनुसार, उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र की निवासी एक महिला की शादी कोतवाली क्षेत्र में ही हुई थी। शादी के कई सालों तक भी संतान नहीं होने पर महिला के पति और ससुराल वालों ने महिला को प्रताड़ित करना शुरु कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला और ससुराल वाले 2 साल पहले पंजाब के लुधियाना चले गए थे। महिला का आरोप है कि वहां भी उसके पति और ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना जारी रखा। हद तो तब हो गई, जब एक दिन पति ने महिला को निर्वस्त्र कर उसे बेल्ट से पीटा और फिर नाजुक अंगों में नमक और मिर्च झोंक दी। इतना ही नहीं आरोपी पति ने महिला के बाल भी काट दिए और ऐसी हालत में ही उसे घर से बाहर निकाल दिया। महिला का कहना है कि किसी तरह वह अखबार के जरिए शरीर ढककर पुलिस के पास पहुंची और फिर अपने मायके आयी। इस घटना के बाद महिला अवसाद में चली गई। इसके बाद महिला अपने परिजनों के साथ उन्नाव के एएसपी के पास पहुंची और अपने साथ हुई हैवानियत की पूरी घटना बयान की। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि अभी तक आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। बता दें कि बीते दिनों उत्तर प्रदेश के आगरा में भी ऐसा मामला सामने आया था। जहां एक महिला द्वारा संतान सुख ना देने से नाराज पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी थी।

Related Articles

Back to top button