Political News - राजनीतिदिल्ली

रविवार को दिल्ली में राहुल गांधी की पहली रैली, तैयारी में जुटे नेता

रामलीला मैदान में 29 अप्रैल को होने वाली जन आक्रोश रैली को सफल बनाने में कांग्रेस के नेता जुट गए हैं। राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद दिल्ली में उनकी यह पहली रैली है, इसलिए इसमें भारी भीड़ जुटाने की कोशिश है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन का दावा है कि रैली में डेढ़ से दो लाख लोग शामिल होंगे।रविवार को दिल्ली में राहुल गांधी की पहली रैली, तैयारी में जुटे नेता

वह शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली कांग्रेस ने इस रैली के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली है। इसमें देशभर से कार्यकर्ता शामिल होकर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आक्रोश जाहिर करेंगे।

इसमें शामिल होने के लिएदिल्ली के 40 हजार कार्यकर्ताओं ने आवेदन किया है। इस रैली से राहुल गांधी 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारी की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए कई कमेटियां बनाई गई हैं, जिनकी तैयारियों के संबध में लगातार बैठकें हो रही हैं। अन्य तैयारियों के साथ ही दिल्ली में बढ़ती गर्मी के मद्देनजर कई स्थानों पर पेयजल 14 छबील और वाहनों की पार्किंग का इंतजाम होगा।

इस मौके पर नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआइ) तथा यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमित मलिक, पूर्व सचिव जय करण चौधरी व परविंदर शर्मा समर्थकों के साथ भाजपा छोड़कर वापस कांग्रेस में शामिल हुए।

माकन ने कहा कि पुराने साथियों का कांग्रेस में स्वागत करते हुए बड़ी खुशी हो रही है। जो कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास करते हैं, उनका कांग्रेस में हमेशा स्वागत है। अन्य पार्टियों के कई नेता कांग्रेस में शामिल होना चाहते है, परंतु हम अच्छी तरह जांच के बाद ही उन्हें पार्टी में शामिल करेंगे।

मलिक ने कहा कि भाजपा की विचारधारा उनकी विचारधारा से बिल्कुल नहीं मिलती। इसलिए वह कांग्रेस में लौटे हैं। प्रेस वार्ता में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली, पूर्व मंत्री हारुन यूसुफ सहित कई नेता मौजूद थे।

 

Related Articles

Back to top button