अपराधदिल्लीराज्य

राजधानी एक्सप्रेस में महिला से छेड़खानी, शोर मचाने पर भागा कर्मचारी…

चंदौली। नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस में कुछ दिन पहले हुई छेड़खानी के बाद एक बार फिर राजधानी में महिला के साथ गलत हरकत हुई है। कोलकाता राजधानी एक्सप्रेस में गुरुवार की रात पैंट्रीकार कर्मचारी ने महिला यात्री के साथ छेड़खानी की। पीड़िता ने पति को घटना से अवगत कराया।

पति ने जीआरपी में की शिकायत

ट्रेन के पीडीडीयू जंक्शन पहुंचने पर पति ने जीआरपी में आरोपित पैंट्रीकार कर्मी के खिलाफ तहरीर दी। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को जेल भेज दिया।

एसी कोच में हुई छेड़खानी

गाजियाबाद निवासी दंपती कोलकाता राजधानी ट्रेन के एसी कोच में यात्र कर रहे थे। महिला के पति का बर्थ अलग कोच में था। महिला यात्री का आरोप है कि रात लगभग 1.30 बजे ट्रेन गया स्टेशन से खुली। चलती ट्रेन में पैंट्रीकार कर्मचारी ने उनके साथ छेड़खानी की।

शोर मचाने पर भागा आरोपित

महिला ने शोर मचाया तो आरोपित वहां से चला गया। महिला ने तत्काल अपने पति को घटना की जानकारी दी। एसएसआइ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला के पति की शिकायत पर पैंट्रीकार कर्मचारी बर्दमान निवासी प्रदीप देवनाथ के खिलाफ छेड़खानी का केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

इससे पहले भी नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस में एक महिला यात्री ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। महिला यात्री की शिकायत के मुताबिक, उसके साथ छेड़छाड़ की घटना को यात्रा टिकट परीक्षक ने अंजाम दिया। छेड़छाड़ पीड़िता ने ट्वीट कर इसकी जानकारी रेलमंत्री पीयूष गोयल को दी। इससे रेलवे महकमे में भी हड़कंप मच गया था।

Related Articles

Back to top button