उत्तर प्रदेशफीचर्डलखनऊ

राजधानी की पहली महिला मेयर संयुक्ता भाटिया ने ली महापौर पद की शपथ

– सपा के पार्षदों ने सीट न मिलने पर किया हंगामा

लखनऊ। कानपुर रोड स्थित राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय में राजधानी लखनऊ की पहली महिला मेयर संयुक्ता भाटिया के शपथ ग्रहण समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी। शपथ लखनऊ के मंडलायुक्त ने दिलायी। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, विधि एवं वैकल्पिक ऊर्जा मंत्री बृजेश पाठक, प्राविधिक मंत्री आशुतोष टण्डन, परिवार कल्याण एवं पर्यटन मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी, भाजपा नेता पंकज सिंह और विधायक सुरेश श्रीवास्तव मंच पर मौजूद थे। इस मौके पर नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि लखनऊ शहर के विकास में हमारा हर प्रकार से सहयोग रहेगा। लखनऊ के सभी नव निर्वाचित सभासदों के सहयोग से लखनऊ के ऐतिहासिक महत्व को बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि विकास की भूख बढ़ी है। हमारी नियत और मंशा भी साफ है। जो सुविधाएं हैं उसे देने के लिए हम मन वचन और कर्म से देने के लिए तैयार हैं। नगर विकास मंत्री ने कहा कि लखनऊ को अतिक्रमण मुक्त बनाया जायेगा। व्यापार मण्डल के सहयोग से सड़क को अतिक्रमण से खाली कराया जायेगा। लखनऊ की जनता के मौलिक अधिकारों का हनन नहीं किया जायेगा। दुनिया के जितने मुल्कों ने तरक्की की है उसमें वहां के नागरिकों का बड़ा योगदान रहा है। इसलिए लखनऊ के विकास के लिए यहां के नागरिकों का योगदान बेहद जरूरी है।

राजधानी की महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि वह भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी के सपनों को पूरा करने का काम करेंगी। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे मुख्यमंत्री का मार्ग दर्शन मिल रहा है और उन्हें विश्वास है कि आगे भी सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा। श्रीमती भाटिया ने कहा कि मलिन बस्तियों का चौमुखी विकास हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लखनऊ को देश के शिखर के दस शहरों में शामिल करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छता एप डाउनलोड करने की अपील की। यातायात की समस्याओं का भी निराकरण किया जायेगा। संयुक्ता भाटिया ने कहा कि लखनऊ प्रदेश की राजधानी है इसलिए यहां के विकास के लिए अतिरिक्त धनराशि की जरूरत है। शपथ ग्रहण समारोह में इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्षदों के रिश्तेदार और परिवारों के सदस्य और भाजपा कार्यकर्ता भी आए थे।

Related Articles

Back to top button