अन्तर्राष्ट्रीय

रूस ने रॉकेट विस्फोट में मारे गए 5 परमाणु इंजिनियरों को अंतिम विदाई दी

मॉस्को : रूस में नए रॉकेट इंजन के परीक्षण के दौरान हुए विस्फोट में मारे गए 5 परमाणु इंजिनियरों का अंतिम संस्कार किया गया। इंजिनियरों को अंतिम विदाई देने के लिए हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। हालांकि, इस घटना ने विकिरण फैलने के खतरे और गोपनीय तरीके से चलाए जा रहे हथियार कार्यक्रम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पिछले सप्ताह मारे गए इंजिनियरों का अंतिम संस्कार सोमवार को सारोव में किया गया। इस स्थान पर ही रूस का प्रमुख परमाणु हथियार अनुसंधान केन्द्र हैं और ये लोग यहीं काम करते थे। रक्षा मंत्रालय ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा था कि न्योनोक्सा गांव के निकट नौसैनिक परीक्षण स्थल में हुए विस्फोट में 2 लोग मारे गए हैं और 6 लोग घायल हुए हैं। बाद में सरकारी रोसाटोम परमाणु निगम ने अपने 5 कर्मियों के मारे जाने की जानकारी दी। अब भी हताहतों की संख्या स्पष्ट नहीं है। नजदीकी 1,83,000 आबादी वाले सेवरोदविंस्क शहर के अधिकारियों ने विस्फोट के बाद विकिरण के स्तर में बढ़ोतरी की बात कही। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि इससे स्वास्थ्य को कोई खतरा नहीं है। रक्षा मंत्रालय का दावा है कि कोई विकिरण नहीं फैला है। इन सब के बीच स्थानीय लोग आयोडाइड खरीदने लगे हैं। यह विकिरण के संपर्क में आने से पहुंचे नुकसान को कम करता है।
सेवरोदविंस्क शहर प्रशासन ने कहा है कि गुरुवार को करीब 30 मिनट के लिए विकिरण का स्तर बढ़ कर 2 माइक्रोसीवर्ट प्रति घंटा हो गया था, जो बाद में क्षेत्र के सामान्य स्तर 0.1माइक्रोसीवर्ट प्रति घंटे पर लौट आया। आपात अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को घरों के अंदर रहने और खिड़कियां बंद रखने को कहा है। रूस में पर्यावरण के क्षेत्र में काम करने वाले संगठनों ने सरकार से विकिरण के फैलने संबंधी रिपोर्ट जारी करने की मांग की है, लेकिन इस पर उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है।

Related Articles

Back to top button