टॉप न्यूज़फीचर्डराजनीति

लॉकडाउन के चलते BJP पांच करोड़ गरीबों को खिलाएगी खाना…

नई दिल्ली: देश में लॉकडाउन के चलते भारतीय जनता पार्टी के लाखों कार्यकर्ता रोजाना पांच करोड़ लोगों को खाना खिलाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पिछले दो दिनों से पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये संवाद कर रहे हैं।

राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश अध्यक्षों के साथ ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये यह चर्चा हो रही है। उन्हें कहा गया था कि भाजपा के एक करोड़ ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करें, जो लॉकडाउन की इस विषम परिस्थिति में गरीबों के भोजन का पूरा ध्यान रखें। नड्डा ने सभी कार्यकर्ताओं को यह भी संदेश दिया है कि इस पूरे क्रम में सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखें और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करें।

सूत्रों के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की है। इस बैठक में यह फैसला लिया गया है कि देश में जारी 21 दिन के लॉकडाउन की अवधि में कोई भी गरीब और मजदूर भूखा न सोए। इसके लिए पार्टी के एक करोड़ कार्यकर्ता देश भर में पांच करोड़ जरूरतमंद लोगों को खाना खिलाएंगे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये नड्डा ने निर्देश दिया है कि हरेक कार्यकर्ता जरूरतमंद पांच लोगों को खाना खिलाने की जिम्मेदारी ले।

सूत्रों का यह भी कहना है कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी नियमित रूप से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक करके खाना खिलाने के इस अभियान की प्रगति की समीक्षा करेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से बचाव के लिए विगत मंगलवार को देश में 21 दिन के लॉकडाउन का एलान किया है।

इस दौरान आपात सेवाओं को छोड़कर सभी दफ्तर, दुकानें और उद्योग धंधे बंद रहेंगे। ऐसे में दैनिक मजदूरी करके रोजी-रोटी कमाने वालों को खाने के लाले न पड़े, सरकार के साथ-साथ सत्तारूढ़ दल भाजपा ने भी इसका ख्याल रखने का प्रण लिया है। बुधवार को इस महामारी से भारत में संक्रमित होने वालों की संख्या 600 का भी आंकड़ा पार कर चुकी है। लिहाजा, सोशल डिस्टेंसिंग और संक्रमण को और फैलने से रोकने के लिए यह लॉकडाउन घोषित किया गया है।

Related Articles

Back to top button