Lucknow News लखनऊअजब-गजबफीचर्ड

विश्व को गौरवान्वित कर रहा सीएमएस : राजनाथ


लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर ऑडिटोरियम में शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सी.एम.एस. पर सिर्फ भारत को ही नहीं अपितु विश्व को गर्व है। भारत की पवित्र धरती से निकलकर वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश सारे विश्व में गया है और डा. जगदीश गाँधी के नेतृत्व में सी.एम.एस. के छात्र व शिक्षक इस संदेश को विश्व समाज में बड़े जोर-शोर से प्रचारित-प्रवाहित कर रहे हैं। राजनाथ सिंह ने अभिभावकों का आह्वान करते हुए कहा कि छात्रों को भौतिक, नैतिक व आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान कर समाज का आदर्श नागरिक बनायें। बच्चों को सिर्फ ज्ञानी ही नहीं अपितु प्रज्ञावान अर्थात विवेकशील बनाए। जिस प्रकार तन के सुख के लिए धन-धान चाहिए, मन के सुख के लिए मान-सम्मान व स्वाभिमान चाहिए, उसी प्रकार बुद्धि के लिए विवेक एवं आत्मा के लिए आनन्द अर्थात परमात्मा का संग चाहिए। सी.एम.एस. शिक्षा पद्धति की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए श्री सिंह ने कहा कि सी.एम.एस. सही मायनों में भावी पीढ़ी को जीवन निर्माण की शिक्षा दे रहा हैं। इससे पहले, मुख्य अतिथि राजनाथ सिंह, लखनऊ की मेयर संयुक्ता भाटिया व अन्य गणमान्य अतिथियों ने ज्ञान का दीप प्रज्ज्वलित कर शिक्षक सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी व डा. भारती गाँधी ने विद्यालय के कर्तव्यपरायण शिक्षकों के प्रति हार्दिक धन्यवाद दिया। सी.एम.एस. के क्वालिटी अश्योरेन्स एवं इनोवेशन डिपार्टमेन्ट की हेड सुस्मिता बासु ने मुख्य अतिथि समेत सभी का हार्दिक स्वागत-अभिनन्दन किया। शिक्षक सम्मेलन का शुभारम्भ स्कूल प्रार्थना, सर्वधर्म प्रार्थना एवं विश्व एकता प्रार्थना से हुआ। सी.एम.एस. गोमती नगर शिक्षकों ने ‘न्यू मॉडल ऑफ एजूकेशन फॉर ट्वेन्टी फर्स्ट सेन्चुरी’ विषय पर वर्ल्ड पार्लियामेन्ट का प्रस्तुतिकरण सभी के आकर्षण का केन्द्र रहा। इसके अलावा, वन्दे मातरम, नुक्कड़ नाटक, प्रार्थना नृत्य, कोरियोग्राफी, लोकनृत्य, वेस्टर्न म्यूजिक आदि विभिन्न कार्यक्रमों ने अनूठा समाँ बांधा। ‘ए कन्ट्री ऑफ यूनिटी इन डायवर्सिटी’ विषयक नृत्य-नाटिका खूब तालियां बटोरी जिसमें सी.एम.एस. राजाजीपुरम (द्वितीय कैम्पस) की शिक्षिकाओं ने आन्ध्र प्रदेश, चौक कैम्पस ने हिमाचल प्रदेश, आनन्द नगर कैम्पस ने मध्य प्रदेश एवं स्टेशन रोड कैम्पस ने नागालैण्ड का प्रतिनिधित्व किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य अतिथियों के प्रति हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने कहा कि देश का भविष्य निखारने में शिक्षकों की केन्द्रीय भूमिका है। शिक्षक ही भावी पीढ़ी के भविष्य निर्माता है, जिन पर आगे चलकर समाज व देश के उत्थान की जिम्मेदारी आती है। उन्होंने सी.एम.एस. शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी शिक्षकों ने पूरे साल बहुत मेहनत व लगन से अपने कर्तव्य को निभाया है और उसी के परिणामस्वरूप सी.एम.एस. के छात्रों ने अभूतपूर्व उपलब्धियाँ अर्जित की है और विद्यालय का नाम विश्व परिदृश्य पर रोशन किया है। सी.एम.एस. अलीगंज के कक्षा-8 के छात्र प्रखर सक्सेना एवं उनके माता-पिता को विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिन्होंने विद्यालय की प्रथम व द्वितीय इण्टर-कैम्पस तुलनात्मक परीक्षा में क्रमशः 97.82 प्रतिशत एवं 98.09 प्रतिशत प्रतिशत अंक अर्जित किया है। इसी प्रकार सी.एम.एस. महानगर कैम्पस के कक्षा-8 की छात्रा नीलांजना प्रकाश एवं उनके माता-पिता को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिन्होंने विद्यालय की द्वितीय इण्टर-कैम्पस तुलनात्मक परीक्षा में 98.09 प्रतिशत अंक अर्जित किया है। इसके अलावा, विद्यालय का गौरव बढ़ाने वाले पूर्व छात्रों प्रो. शैलेन्द्र कुमार सक्सेना, वाइस डीन, केजीएमयू, जितेश सिंह देव, मिस्टर इंडिया खिताब के विजेता, इस वर्ष आई.ए.एस. में चयनित स्वप्निल यादव एवं डा. अवलोकिता अशोक, पी.सी.एस. (जे) में चयनित स्वरांगी शुक्ला, सोनाक्षी वर्मा, अम्बिका मेहरोत्रा, शालीन मिश्रा एवं आकांक्षा बाजपेयी को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही देश-विदेश में आयोजित होने वाली विभिन्न शिक्षात्मक प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में भाग लेने वाले छात्र दलों को भी सम्मानित किया गया।
वहीँ शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने सी.एम.एस. के सभी शिक्षकों को उनकी शिक्षा जगत की निःस्वार्थ सेवा के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि आप महान शिक्षकों ने अपने छात्रों को गुणवान व चरित्रवान बनाने के प्रयासों में कोई कमी नहीं छोड़ी है। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने आमन्त्रित अतिथियों व सी.एम.एस. की सभी प्रधानाचार्याओं व शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त की कि प्रत्येक छात्र एक अनमोल मोती की तरह चमकें और अपने माता-पिता, शिक्षकों तथा विद्यालय के गर्व का कारण बने। इससे पहले, सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 3 हजार से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आज विशाल ‘चरित्र निर्माण मार्च’ निकालकर भावी पीढ़ी के चरित्र निर्माण व नैतिक उत्थान की पुरजोर अपील की। सी.एम.एस. शिक्षकों का यह विशाल चरित्र निर्माण मार्च सुबह 7 बजे गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित मकदूमपुर पुलिस चौकी सेे सी.एम.एस. गोमती नगर ऑडिटोरियम तक निकाला गया। इस विशाल मार्च में सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी व डा. भारती गाँधी, सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट प्रो. गीता गाँधी किंगडन, सी.एम.एस. के डायरेक्टर ऑफ स्ट्रेटजी रोशन गाँधी समेत सी.एम.एस. के सभी कैम्पस की प्रधानाचार्याओं समेत कई लोगों ने शामिल होकर भावी पीढ़ी के चरित्र निर्माण की आवाज बुलन्द की।

Related Articles

Back to top button