Crime News - अपराधNational News - राष्ट्रीय

शराबी भतीजे ने बुआ की छाती में घोप दिया चाकू

नागपुर। नंदनवन थानांतर्गत पवन शक्तिनगर इलाके में शादी के घर में हत्या की सनसनीखेज वारदात हुई। शराबी भतीजे ने सोते समय ही बुआ की छाती पर चाकू घोप दिया। पूरे घर में हड़कंप मच गया। जख्मी महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतका देवली, वर्धा निवासी मालाबाई अनिल कुंभरे (45) बताई गई। आरोपी राजा देवीदास पंधराम (32) भी देवली का ही रहने वाला है। पुलिस ने पवन शक्तिनगर, वाठोड़ा निवासी पवन अनंता सड़माके (24) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।

राजा को शराब की लत है। वह अक्सर शराब पीकर घर में तमाशा करता था। बुआ होने के नाते माला उसे हमेशा समझाती थी। कई बार फटकार भी लगा चुकी थी। शनिवार को पवन की बहन का विवाह समारोह था। इसके लिए सभी रिश्तेदार पवन के घर पहुंचे थे। देवली से माला और राजा भी कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए थे। यहां भी राजा शराब पीकर घूम रहा था। नशे में किसी से भी बहस कर रहा था। इससे नाराज होकर माला ने उसे फटकार लगाई, बार-बार बुआ फटकार लगाती है। सबके सामने उसकी बेइज्जती करती है। इसीलिए राजा ने माला को मारने का प्लान बना लिया। विदाई समारोह निपटाकर घराती सहित सभी मेहमान पवन के घर लौटे, गर्मी होने के कारण कुछ लोग बाहर पंडाल में ही सो रहे थे। माला भी वहीं सो रही थी। सुबह 5.45 बजे के दौरान राजा नींद से जागा। उसने घर में रखा चाकू उठाकर सोते समय ही माला की छाती पर वार कर दिया।

माला चीखते हुए उठी, बगल में सो रहे रिश्तेदारों की नींद खुली तो राजा भागता हुआ दिखाई दिया। पूरे घर में हो हल्ला मच गया। माला को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चाकू का घाव दिल तक पहुंच गया था। डाक्टरों ने माला को मृत घोषित कर दिया, घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही नंदनवन थाने के एपीआई सचिन शिर्के और पीएसआई भास्कर अपने दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने राजा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी, शादी का पूरा समारोह बड़ी धूमधाम और शांति से निपट गया था। सभी खुश थे, लेकिन माला की मौत से पूरे घर में मातम छा गया। परिजनों का कहना है कि राजा सनकी स्वभाव का है। उसके ठिकानों की जानकारी भी परिजनों को नहीं है। पुलिस दल उसकी तलाश में वर्धा भी गया है।

Related Articles

Back to top button