मनोरंजन

शाहिद कपूर इस सुपरहिट तेलुगु फ़िल्म के रीमेक में आएंगे नज़र, निभाएंगे ऐसा रोल

तेलुगु फ़िल्म अर्जुन रेड्डी के रीमेक कबीर सिंह ने शाहिद कपूर के करियर को ऐसी दिशा दे दी, जो सीधे 200 करोड़ क्लब की तरफ़ जाती है। इस फ़िल्म ने शाहिद के करियर को वो ऊंचाई दी, जिसे वो आज तक हासिल नहीं कर सके थे। 278 करोड़ के बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन के साथ कबीर सिंह अभी तक 2019 की सबसे अधिक कमाई करने वाली फ़िल्म है। ऐसा लगता है कि कबीर सिंह की बेतहाशा कामयाबी के बाद शाहिद को अब साउथ इंडियन रीमेक्स का चस्का लग गया है।

ख़बर है कि शाहिद एक और तेलुगु फ़िल्म के हिंदी रीमेक में नज़र आने वाले हैं। फ़िल्म का नाम है जर्सी, जो 2019 में ही रिलीज़ हुई थी। इस फ़िल्म में नानी ने मुख्य किरदार निभाया था। नानी का हिंदी दर्शक मक्खी के लिए पहचानते होंगे, जो कुछ साल पहले आयी थी। जर्सी का निर्देशन गौतम तिन्नानूरी करेंगे, जिन्होंने जर्सी का निर्देशन भी किया था। फ़िल्म की कहानी क्रिकेट के खेल में होने वाली राजनीति और क्रिकेटर के संघर्ष को दिखाती है। शाहिद इससे पहले दिल बोले हड़िप्पा में क्रिकेटर का किरदार निभा चुके हैं।

जर्सी एक स्पोर्ट्स ड्रामा है, जिसमें नानी ने क्रिकेटर का रोल निभाया था। फ़िल्म से साउथ एक्ट्रेस श्रद्धा श्रीनाथ ने फ़िल्मी करियर शुरू किया था। पिछले कुछ सालों से फ़िल्म इंडस्ट्री में यह ट्रेंड देखने को मिल रहा है कि रीजनल सिनेमा के निर्देशक अपनी हिट फ़िल्मों को हिंदी में रीमेक करते हैं और ख़ुद ही इन्हें निर्देशित करके हिंदी सिनेमा में पारी शुरू करते हैं।

ताज़ा मिसाल कबीर सिंह ही है, जिसे संदीप वंगा रेड्डी ने निर्देशित किया था, जो अर्जुन रेड्डी के भी निर्देशक हैं। अक्षय कुमार की फ़िल्म लक्ष्मी बॉम्ब तमिल हिट मुनि 2- कांचना का रीमेक है, जिसे राघव लॉरेंस डायरेक्ट कर रहे हैं। राघव ने ही मूल फ़िल्म का निर्देशन किया था। इस फ़िल्म में कियारा आडवाणी फीमेल लीड रोल में हैं।

Related Articles

Back to top button