BREAKING NEWSPolitical News - राजनीतिTOP NEWSफीचर्ड

शीला दीक्षित ने निधन से पहले लिखा था सोनिया गांधी को चौंकाने वाला खत

नई दिल्ली : बतौर मुख्यमंत्री दिल्ली में 15 साल तक लगातार एकछत्र राज करने वालीं शीला दीक्षित के निधन के तीन दिन बाद भी दिल्ली कांग्रेस में चल रही गुटबाजी पर विराम नहीं लगा है। मरहूम शीला दीक्षित गुट के लोगों का कहना है कि उन्होंने अपनी मौत से तीन दिन पहले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन अध्यक्ष सोनिया गांधी के नाम एक पत्र लिखा था। शीला दीक्षित ने अपने पत्र में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वर्तमान हालात और गुटबाजी के बारे में खुलकर लिखा था। हालांकि, इस पत्र के बारे में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हो रही है। सोनिया गांधी को लिखे इस खत में शीला दीक्षित ने राज्य प्रभारी पीसी चाको के साथ चल रहे सियासी टकराव का जिक्र किया था। शीला ने पार्टी के एक बड़े नेता को इन सबका जिम्मेदार बताया था। शीला दीक्षित ने अपने आखिरी खत में लिखा था- ‘मैं दिल्ली कांग्रेस को मजबूत करने के लिए फैसले ले रही हूं, लेकिन… नेता के इशारे पर चलकर प्रभारी पीसी चाको बेवजह कदम उठा रहे हैं। शीला दीक्षित ने लिखा कि जानबूझकर मेरे फैसलों में अड़ंगा लगाया जा रहा है… आखिर में नतीजे बताते हैं कि कैसे तीसरे नम्बर की कांग्रेस बिना गठजोड़ के दो नंबर पर आ गई।

शीला दीक्षित ने यूपीए की अध्यक्ष सोनिया गांधी को यह पत्र बीते आठ जुलाई को लिखा था। इसके बाद मामले को सुलझाने के लिए सोनिया गांधी के करीबी नेताओं ने शीला दीक्षित, अजय माकन और पीसी चाकों से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद मामले को हल करने का आश्वासन दिया था। गौरतलब है कि शीला दीक्षित सबसे ज्यादा तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं। 1998 से 2013 तक उन्होंने दिल्ली का शासन संभाला। उन्हें दिल्ली को आधुनिक बनाने का श्रेय दिया जाता है। बीते दिनों उन्हें दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। वहीं, अंतिम संस्कार के बाद सोमवार सुबह निगम बोध घाट पर बेटे संदीप दीक्षित और बेटी लतिका ने दिवंगत शीला दीक्षित की अस्थियां चुनीं। इसे इलाहाबाद, गंगोत्री और हेमकुंड में प्रवाहित किया जाएगा। परिजनों ने यह भी कहा कि आरडब्ल्यूए के साथ मिलकर शीला की याद में दिल्ली के बड़े-ड़े पार्कों में पेड़ लगाए जाएंगे, ताकि उनकी याद बनी रहे।

Related Articles

Back to top button