व्यापार

शेयर बाजार में 29 महीनों का सबसे बड़ा उछाल

नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को 29 महीनों के दौरान दिन का सबसे बड़ा उछाल देखने को मिला। सेंसेक्स 732.43 अंक यानी 2.15% के उछाल के साथ 34,733.58 पर, जबकि निफ्टी 237.85 अंक यानी 2.32% की बढ़त के साथ 10,472.50 पर बंद हुआ। शेयर बाजार में यह उछाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और रुपये की मजबूती के बाद आया। एचडीएफसी बैंक के ट्रेजरी अडवाइजरी ग्रुप के सीनियर वाइस प्रेजिडेंट भास्कर पांडा ने कहा, कच्चे तेल की कीमतें स्थिरता का संकेत दे रही हैं, डॉलर इंडेक्स में भी गिरावट आई है। इन दोनों वजहों से शुक्रवार को रुपये की स्थिति में सुधार आया।’ बता दें कि गुरुवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली थी। दरअसल, 697.07 अंकों की गिरावट के साथ खुलने के तुरंत बाद सेंसेक्स ने 1000 अंक का गोता लगा दिया था। वहीं, निफ्टी में 290.3 अंकों की गिरावट के साथ 10,169.80 पर कारोबार की शुरुआत हुई थी। इसका असर निवेशकों की संपत्ति पर पड़ा और महज 5 मिनट में 4 लाख करोड़ रुपये बाजार से बाहर हो गए। गुरुवार को सेंसेक्स 759.74 अंक यानी 2.19% की गिरावट के साथ 34,001.15 पर, जबकि निफ्टी 225.45 अंक यानी 2.16% कमजोर होकर 10,234.65 पर बंद हुआ था। इसके बाद शुक्रवार को बाजार में आई बहार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सुबह 9:25 बजे सेंसेक्स के 31 में से 29 शेयर मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि निफ्टी के 50 शेयरों में 48 शेयरों के भाव चढ़ गए थे। सेंसेक्स पर टूटने वाले दो शेयरों में टीसीएस (1.35%) और इन्फोसिस (0.59%) शामिल रहे जबकि निफ्टी पर टीसीएस 1.10%, एचसीएल टेक्नॉलजी 1.09% कमजोर हुआ था।

Related Articles

Back to top button