टॉप न्यूज़ब्रेकिंगराष्ट्रीय

सबरीमाला मंदिर में प्रवेश करने वाली कनकदुर्गा पर सास ने किया हमला, अस्पताल में भर्ती


तिरुवनंतपुरम : केरल के सबरीमाला मंदिर में प्रवेश करने वाली दो महिलाओं में से एक कनकदुर्गा पर हमला हुआ है। सिर पर चोट के चलते उन्हें अस्तपाल में भर्ती कराया गया है। कनकदुर्गा पर यह हमला उनके अपने ही घर पर उनकी सास ने किया। बताया जा रहा है कि मंदिर में प्रवेश करने की वजह से उनकी सास नाराज थीं। 2 जनवरी को कनकदुर्गा और बिंदू नाम की महिलाओं ने सबरीमाला मंदिर में प्रवेश कर दर्शन किए थे। इसके बाद पूरे राज्य में जमकर बवाल हुआ था और मंदिर को शुद्धीकरण के लिए कुछ देर के लिए बंद किया गया था। इसी के बाद से कनकदुर्गा अलग-अलग जगहों पर रह रही थीं। उन्हें डर था कि जो लोग उनका विरोध कर रहे हैं वह उन पर हमला कर सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कनकदुर्गा बचते-बचाते हुए मंगलवार सुबह ही अपने घर पहुंची थीं। जहां उनकी सास ने उन पर हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि कि कनकदुर्गा को सिर पर चोट आई है जिसके चलते वह अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि चोट ज्यादा गंभीर नहीं है। यह भी कहा जा रहा है कि कनकदुर्गा पर जिस वक्त हमला हुआ, उस वक्त उनके घर के बाहर 8 पुलिसकर्मी मौजूद थे लेकिन चूंकि हमला घर के अंदर हुआ इसलिए कोई पुलिस जवान कनकदुर्गा को इससे बचा नहीं सके।

सबरीमाला मंदिर में 10 से 50 उम्र की महिलाओं का प्रवेश प्रतिबंधित था जिसे सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में हटा दिया था। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी महिलाओं को मंदिर में प्रवेश की इजाजत नहीं मिली थी। इसके बाद इस साल की शुरुआत में दो महिलाओं ने प्रवेश कर भगवान अयप्पा के दर्शन किए। इसके बाद कई दूसरी महिलाओं ने भी मंदिर में प्रवेश का दावा किया है। इससे पहले बिंदू और कनकदुर्गा ने हमारे सहयोगी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया था कि जल्द ही वे अपने-अपने घरों को लौट जाएंगी और अगले सप्ताह से काम शुरू करेंगी। कनकदुर्गा राज्य नागरिक आपूर्ति विभाग में कार्यरत हैं।

Related Articles

Back to top button