उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य

सीएम योगी के सोनभद्र पहुंचने से पहले सियासत गरमाई, पूर्व विधायक समेत कई गिरफ्तार

UP के सोनभद्र जिले के उभ्भा गांव में हुए हत्याकांड में मारे गए परिजनों से मिलने आज सीएम योगी आदित्यनाथ आने वाले हैं। वहीं अब उनका विरोध भी शुरू हो गया है। सीएम योगी के आने की जानकारी होते ही सपा कार्यकर्ता उन्हें काला झंडा दिखाने की तैयारी में जुट गए हैं। इसकी जानकारी होते ही पुलिस सक्रिय हो गई और राबर्ट्सगंज में पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा समेत कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पूर्व विधायक और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में सपा कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए। लेकिन पुलिस उन्हें उठा ले गई।

इससे पहले 19 जुलाई को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सोनभद्र के पीड़ितों से मिलने के लिए आई थीं, जिले में धारा 144 होने के चलते उन्हें भी मिर्जापुर की रायनपुर पुलिस चौकी के सामने हिरासत में ले लिया था। एसडीएम के वाहन से चुनार गेस्ट हाउस ले जाई गईं प्रियंका सहित कांग्रेस के 10 नेताओं पर शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की गई। प्रियंका गांधी पीड़ितों के परिवार से मिलन की जिद पर धरने पर बैठ गई थी। जिसके बाद शनिवार को पीड़ित परिवार की 5 महिलाओं से प्रियंका गांधी चुनार में ही मिलीं।

सोनभद्र के घोरावल थानाक्षेत्र के मूर्तिया (उभ्भा) गांव में 17 जुलाई को नरसंहार हुआ था। बीते बुधवार की दोपहर में सौ बीघा विवादित जमीन को लेकर गुर्जर और गोड़ बिरादरी में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान फायरिंग के साथ जमकर लाठी-डंडे और फावड़े भी चले थे। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हो गए थे। जिसके बाद जिले में धारा 144 लागू कर दी गई।

Related Articles

Back to top button