अद्धयात्मजीवनशैली

सूर्यदेव के शरीर से बनी है मंदिर की मूर्ति, श्रीकृष्ण के बेटे ने कराया था निर्माण


भुवनेश्वर : उड़ीसा के पुरी जिले में स्थित कोणार्क सूर्य मंदिर साल 1984 में यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर घोषित किया जा चुका है। इस मंदिर की प्रतिमा 10 रुपए के नए नोटों पर भी छपी है। जैसा कि नाम से ही पता चलता है कि यह मंदिर सूर्य देव को समर्पित है। स्थानीय लोग सूर्य देव को बिरंचि नारायण और अर्क के नाम से भी पुकारते हैं। इस मंदिर के निर्माण के बारे में धार्मिक पुस्तकों से जानकारी मिलती है कि यह मंदिर द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के बेटे सांब ने बनवाया था। बताया जाता है कि सांब ने यहीं सूर्यदेव की तपस्या की थी और उनकी कृपा से सांब का कोढ़ रोग दूर हुआ था। पुराणों के अनुसार, श्रीकृष्ण के बेटे सांब को एक शाप के कारण कोढ़ रोग हो गया था, तब उसने मित्रवन में चंद्रभागा नदी के तट पर कोणार्क में सूर्यदेव की तपस्या की थी। सूर्यदेव को सभी रोगों का नाशक माना जाता है। सांब की तपस्या से प्रसन्न होकर सूर्य देव ने उन्हें रोग मुक्त किया। रोग से छुटकारा पाने के बाद जब सांबदेव ने चंद्रभागा नदी में स्नान किया तो नहाते समय उन्हें सूर्यदेव की एक मूर्ति नदी से प्राप्त हुई।

मूर्ति मिलने के बाद सांब ने उसी स्थान पर सूर् देव का मंदिर बनवाने का निर्णय लिया और इस तरह कोणार्क का मंदिर बना। स्नान के समय सांब को जो सूर्यदेव की मूर्ति मिली, उस मूर्ति के बारे में कहा जाता है कि उस मूर्ति का निर्माण देवताओं के शिल्पी भगवान विश्वकर्मा ने सूर्यदेव के शरीर के भाग से ही किया था। जिस प्रकार इस मंदिर के निर्माण के सही वक्त पर अलग मत है, ठीक उसी प्रकार इसके बड़े हिस्से के ध्वस्त होने के पीछे भी कई मत हैं। एक तरफ जहां इतिहासकार इस मंदिर के ध्वस्त होने का कारण मुगलों का आक्रमण और देखरेख का अभाव बताते हैं, वहीं वास्तुशास्त्री इस मंदिर के ध्वस्त होने का कारण इसका खराब वास्तु बताते हैं। वक्त के साथ तमाम भौगोलिक और प्राकृतिक घटनाओं के चलते चंद्रभागा नदी विलुप्त हो गई थी। वर्ष 2016 में वैज्ञानिकों ने इस मंदिर क्षेत्र से इस नदी के साक्ष्य खोज निकाले। वैज्ञानिकों ने विभिन्न उपग्रहों की तस्वीरों का इस्तेमाल किया और फिर नदी की धारा की पहचान करने और उसका मार्ग पता लगाने के लिए अन्य क्षेत्रीय आंकड़ों का इस्तेमाल किया।

Related Articles

Back to top button