राष्ट्रीय

सेक्स चेंज को तैयार महिला पुलिसकर्मी, धर्मसंकट में वरिष्ठ अधिकारी

मुंबई : इन दिनों महाराष्ट्र पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एक महिला पुलिस कॉन्स्टेबल के पत्र को लेकर धर्मसंकट में हैं। दरअसल महिला पुलिस कॉन्स्टेबल ने अधिकारियों को पत्र लिखकर उनसे अपना सेक्स चेंज करवाने के लिए सर्जरी की अनुमति मांगी है। 27 वर्षीय ललिता साल्वी ने अपने अधिकारियों और महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक सतीश माथुर से सेक्स चेंज सर्जरी की अनुमति मांगी है और यह भी कहा है कि वह सर्विस में बने रहना चाहती हैं। एक ओर जहां सेक्स चेंज करवाने का फैसला व्यक्तिगत होता है वहीं महिला के पुलिस विभाग से जुड़े होने की वजह से यह फैसला विभाग के लिए मुश्किल खड़ी कर रहा है।

महिला कॉन्सटेबल का कहना है कि उसे महिला के रूप में रहने में दिक्कत हो रही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘पहली बार ऐसा मामला सामने आया है। हम दुविधा में हैं क्योंकि यह समझ पाना मुश्किल है कि जो ड्यूटी वह अभी कर रही हैं क्या बाद में भी उसे करने में सक्षम होंगी?’ साल्वी ने 2009 में महाराष्ट्र पुलिस जॉइन की थी और करीब दो महीने पहले उन्होंने सेक्स चेंज की अनुमति के लिए यह आवेदन किया है। मझगांव में पोस्टेड साल्वी ने अपने अधिकारियों को बताया कि उन्हें ‘जेंडर आइडेंटिटी डिसऑर्डर’ है। साल्वी के साथ काम करने वाली एक कॉन्स्टेबल ने बताया, ‘वह बीते चार साल से अपने पत्रों में यह बात कह रही है। साल्वी ने अपनी शारीरिक बनावट में ऐसे बदलाव महसूस किए जो सिर्फ पुरुषों में होते हैं। इसके बाद उसे लगा कि वह एक पुरुष के रूप में ज्यादा सहज है।’

Related Articles

Back to top button