अजब-गजबफीचर्डराजनीतिराष्ट्रीय

हार का मातम मना रही कांग्रेस : अमित शाह

नई दिल्ली : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस की जन आक्रोश रैली पर तंज कसते हुए कहा कि यह एक वंश और उनके दरबारियों की चुनावी हार का मातम तथा एक के बाद एक कर राज्यों से बेदखल होने से बढ़ती अप्रासंगिकता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि असल में कांग्रेस यह हजम नहीं कर पा रही है कि 125 करोड़ भारतीयों ने उनकी विकास विरोधी और विभाजनकारी राजनीति को खारिज कर दिया है। कांग्रेस की विभाजनकारी राजनीति का पूरी तरह पर्दाफाश हो गया है। उल्लेखलीय है कि कांग्रेस ने मोदी सरकार पर विभिन्न मोर्चों पर नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए राजधानी में ‘जन आक्रोश रैली’ का आयोजन किया है।
शाह ने ट्वीटर पर कहा कि आज की कांग्रेस रैली कुछ नहीं है बल्कि परिवार आक्रोश रैली है, जो उनकी बढ़ती अप्रासंगिकता का परिचय देती है। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी देश के संस्थानों को अस्थिर करने के प्रयासों पर माफी मांगेंगे। उन्होंने सत्ता की अपनी भूख के लिए यह किया है। कांग्रेस की इस नकारात्मक और मुद्दों से भटकाने की राजनीति से देश थक चुका है। आज परिवार की इस आक्रोश रैली में लोग भारत के प्रति नफरत देखेंगे। कांग्रेस की लगातार चुनावी हार पर चुटकी लेते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यदि कांग्रेस जन आक्रोश देखना चाहती है तो उसे अपनी लगातार हो रही हार के संदर्भ में देखना चाहिए। जनता कांग्रेस के झूठ, खोखले वादों, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता को खारिज कर रही है। उन्होंने संसद की कार्यवाही बाधित होने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए लिखा कि यदि कांग्रेस जन आक्रोश के बारे में जानना चाहती है तो उसे यह बताना चाहिए कि उसने संसद क्यों नहीं चलने दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि ओबीसी आयोग के मुद्दे पर वह बाधा क्यों डाल रही है जिससे पिछड़े वर्ग के लोगों को न्याय मिल सकता है ।
देश में बच्चियां सुरक्षित नहीं, अपराधियों को दिया जा रहा संरक्षण : सोनिया

नई दिल्ली : दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ‘जन आक्रोश’ रैली में शामिल हजारों कार्यकर्त्ताओं का जोश भीषण गर्मी के बावजूद कम नहीं हुआ। वे ‘राहुल गांधी जिन्दाबाद’ और ‘मोदी सरकार हाय हाय’ के नारे लगाते रहे। इस दौरान रैली को संबोधित करते हुए पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि इस समय देश में बेटियां सुरक्षित नहीं और उनके अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि तेल के दामों में हो रही बढ़ोत्तरी से आम जनता को परेशानी हो रही है। सोनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारे न खाऊंगा, न खाने दूंगा का क्या हुआ। उल्लेखनीय है कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की ‘जनविरोधी नीतियों’ के खिलाफ आयोजित इस रैली में देशभर के हजारों कार्यकर्त्ता पहुंचे।

Related Articles

Back to top button