अद्धयात्मजीवनशैली

23 नवम्बर को है कार्तिक पूर्णिमा, गंगा स्नान से मिलता है महापुण्य

ज्योतिष डेस्क : पुराणों के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा को गंगा स्‍नान का विशेष महत्‍व होता है। इस साल कार्तिक पूर्णिमा 23 नवंबर 2018, शुक्रवार को पड़ेगा। कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरी पूर्णिमा या गंगा स्‍नान के नाम से भी लाेग जानते हैं। गुरुनानक की जयंती होने के कारण सिक्खों के लिए यह दिन अति पवित्र है। कार्तिक मास में पड़ने वाली इस पूर्णिमा की काफी मान्‍यता है। कहा जाता है क‍ि इस दिन भगवान शिव शंक‍र ने त्रिपुरासुर नामक असुर का वध किया था। इस वजह से इसे त्रिपुरी पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है। माना जाता है क‍ि कार्तिक पूर्णिमा के दिन चंद्रोदय के समय शिवा, संभूति, संतति, प्रीति, अनुसूया और क्षमा कृतिकाओं का पूजन करने से भगवान भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं।

पंडित रामप्रवेश तिवारी के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन पहले हाथ-पैर धो लें। इसके बाद आचमन करके हाथ में कुशा लेकर स्नान करना चाहिए। पानी में थोड़ा सा गंगाजल मिला लेना चाहिए। इस दिन गंगा स्‍नान का काफी महत्‍व होता है। इसके बाद भगवान विष्णु की पूजा करनी चाहिए। इससे धन लाभ भी होता है।कार्तिक पूर्णिमा पर किया गया दान काफी पापों को नष्‍ट करने वाला होता है। इस दिन अपने सामर्थ्‍य के अनुसार, गाय का दूध, केला, खजूर, नारियल व अमरूद आदि फलों का दान करना चाहिए। कहा जाता है क‍ि इस दिन ब्राह्मण, बहन व बुआ आदि को दान करने से काफी पुण्य मिलता है। इस दिन शाम के समय चंद्रमा को अर्घ्‍य देना चाहिए।

Related Articles

Back to top button